जन्माष्टमी मेला देखने निकले थे तीन दोस्त, हाईवे पर पंचर ट्रक ने छीन लीं जिंदगी
जालंधर दिल्ली हाईवे पर गोराया ओवरब्रिज के पास पंचर खड़े ट्रक से बाइक टकराने पर तीन दोस्तों की जान चली गई. तीनों लुधियाना से जन्माष्टमी का मेला देखने निकले थे.
जन्माष्टमी की रात घर से दोस्तों के साथ मेला देखने निकले तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई. तीनों एक ही बाइक पर लुधियाना से निकले थे और जालंधर दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोराया ओवरब्रिज के पास हादसे का शिकार हो गए. सड़क किनारे पंचर हालत में खड़े पार्सल ट्रक के पिछले हिस्से में बाइक जा घुसी. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पंचर ट्रक के नीचे फंस गई बाइक
हादसे में जान गंवाने वाले जितेंद्र, साहिल और सोनू कुमार एक ही फैक्ट्री में काम करते थे. तीनों की कुछ समय पहले ही दोस्ती हुई थी. शुक्रवार देर रात उनकी बाइक महाराष्ट्र नंबर वाले पार्सल ट्रक से जा टकराई. टक्कर के बाद बाइक ट्रक के नीचे काफी अंदर तक फंस गई. आसपास के लोगों ने बताया कि बाइक करीब 10 फीट तक घिसट गई थी.
अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान
सूचना मिलने के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची. तीनों युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़े थे. 108 एंबुलेंस से उन्हें फिल्लौर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. युवकों की जेब से मिले मोबाइल फोन के जरिए पुलिस ने उनके परिवारों से संपर्क किया. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से गायब था.
Also Read
जन्माष्टमी पर घर से निकला था जितेंद्र
जितेंद्र के भाई उपेंद्र ने बताया कि उसका परिवार करीब 25 साल से लुधियाना में रह रहा है. जितेंद्र घर से श्रीकृष्ण मंदिर में मेला देखने की बात कहकर निकला था. परिवार रातभर उसके लौटने का इंतजार करता रहा. सुबह पुलिस से हादसे की खबर मिली. जितेंद्र दसवीं तक पढ़ा था और तीन चार महीने पहले ही उसने नई बाइक खरीदी थी.
दो शव उत्तर प्रदेश ले गए परिजन
जितेंद्र का अंतिम संस्कार शनिवार शाम अरोड़ा पैलेस के पास श्मशान घाट में किया गया. वहीं साहिल और सोनू के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद परिजन उन्हें रायबरेली, उत्तर प्रदेश ले गए. पुलिस के मुताबिक दोनों वाहन जालंधर से लुधियाना की तरफ जा रहे थे. ट्रक चालक की तलाश जारी है और हादसे की पूरी वजह की जांच की जा रही है.