चंडीगढ़: पंजाब में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में गर्मी और उमस लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. मौसम विभाग ने 16 और 17 जुलाई के लिए कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है. इन दो दिनों के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम बना रहने की संभावना है. हालांकि राहत की खबर भी सामने आई है. मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई से हीट वेव का असर कमजोर पड़ सकता है. इसके बाद 19 जुलाई को राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद जताई गई है.
राज्य में मानसून कमजोर रहने का असर तापमान पर साफ दिखाई दे रहा है. बुधवार को पंजाब का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 0.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा और लोगों को उमस से राहत नहीं मिली.
बुधवार को फरीदकोट राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बठिंडा में 40.4 डिग्री, फाजिल्का और रूपनगर में 38.8 डिग्री, पटियाला में 37.6 डिग्री तथा चंडीगढ़ में 36.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. जालंधर और लुधियाना में भी गर्मी का असर बना रहा.
मौसम विभाग ने 16 जुलाई के लिए फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है. वहीं 17 जुलाई को फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा और मानसा में गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना है. कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई को पूरे पंजाब में हीट वेव का कोई अलर्ट नहीं है. इस दिन अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, पटियाला, रूपनगर, मोहाली, शहीद भगत सिंह नगर और फतेहगढ़ साहिब में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. हालांकि कुछ दक्षिण-पश्चिमी जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है.
19 जुलाई को मौसम में सबसे अधिक बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, शहीद भगत सिंह नगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. वहीं पठानकोट में कई स्थानों पर वर्षा की संभावना है, जबकि फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा, तरनतारन और कपूरथला में कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं.