जालंधर: जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में शुक्रवार रात एक बड़ी घटना ने लोगों को चौंका दिया. मोदी फार्म की गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते लपटें पूरी फैक्ट्री में फैल गईं. काला घना धुआं आसमान में उठने लगा और दूर-दूर तक दिखने लगा. इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
फैक्ट्री रिहायशी इलाके में बनी हुई है. आग भड़कते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई. स्थानीय लोगों और फैक्ट्री कर्मियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. फायरकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया. लगातार प्रयासों के बाद उन्होंने आग पर काबू पा लिया.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है. लेकिन असली वजह अभी आधिकारिक तौर पर साफ नहीं हुई है. आग से फैक्ट्री को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका भी पूरा आकलन अभी होना बाकी है.
स्थानीय निवासी केशव ने बताया कि आग की घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने कहा कि फैक्ट्री का शैड आग की वजह से कमजोर पड़ गया. लपटें आसपास के घरों तक पहुंच गईं. इस दौरान फैक्ट्री का एक लैंटर भी गिर गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई.
केशव ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी पुलिस को तुरंत दी गई थी, लेकिन पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची. उन्होंने यह भी कहा कि फैक्ट्री संचालकों ने समय पर घटनास्थल पर आकर स्थिति का जायजा नहीं लिया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब दस साल पहले भी इलाके में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना हुई थी. उस समय फैक्ट्री वालों ने वादा किया था कि यूनिट को रिहायशी इलाके से बाहर ले जाएंगे और यहां सिर्फ गोदाम रखेंगे. लेकिन आज भी यहां गद्दे बनाने का काम चल रहा है. केशव ने दावा किया कि फैक्ट्री में बड़ी संख्या में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर रखे हुए हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी इलाके में चल रही इस फैक्ट्री को तुरंत बाहर स्थानांतरित किया जाए.