menu-icon
India Daily

Chandigarh SIR: मतदाता सूची जांच में 1.38 लाख नोटिस, 20 हजार से ज्यादा मामलों की सुनवाई बाकी

चंडीगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान 1,38,063 नोटिस जारी हुए हैं. 76,537 की तामील हो चुकी है, जबकि हजारों मामलों की सुनवाई अभी बाकी है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
Chandigarh SIR: मतदाता सूची जांच में 1.38 लाख नोटिस, 20 हजार से ज्यादा मामलों की सुनवाई बाकी
Courtesy: Pinterest

चंडीगढ़ में मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है. विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत पुराने रिकॉर्ड की जांच के साथ नए मतदाताओं के आवेदनों का भी सत्यापन किया जा रहा है. चुनाव विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 1,38,063 नोटिस तैयार किए गए हैं. इनमें से 76,537 नोटिस संबंधित लोगों तक पहुंच चुके हैं. वहीं 61,526 नोटिस की तामील अभी बाकी है. विभाग अब लंबित मामलों को जल्द निपटाने पर जोर दे रहा है.

नए वोट के लिए 7 हजार से ज्यादा आवेदन

SIR के दौरान नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए भी आवेदन आए हैं. चुनाव विभाग के अनुसार, अब तक 7,026 लोगों ने फॉर्म 6 जमा किया है. इन आवेदनों की जांच चल रही है. पात्र पाए जाने वाले आवेदकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. विभाग का लक्ष्य सूची को सही बनाने के साथ पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार दिलाना है.

26 हजार से ज्यादा मामलों की सुनवाई पूरी

सत्यापन के दौरान जिन मामलों में आपत्ति या दस्तावेज से जुड़ी स्थिति सामने आई, उनमें संबंधित लोगों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जा रहा है. अब तक 26,235 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है. हालांकि, पहली तय तारीख पर करीब 9,600 लोग उपस्थित नहीं हुए. इसके बाद चुनाव विभाग ने उन्हें दोबारा सुनवाई का अवसर दिया.

री शेड्यूल सुनवाई में भी कई लोग गैरहाजिर

दोबारा तय की गई सुनवाई में भी 3,336 लोग नहीं पहुंचे. इससे नोटिस की तामील के साथ लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है. फिलहाल 20,666 मामलों में सुनवाई लंबित है. विभाग इन मामलों को जल्द पूरा करने की कोशिश कर रहा है, ताकि अंतिम मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया समय पर आगे बढ़ सके.