पंजाब में मानसून के कमजोर पड़ने के बीच मौसम विभाग ने 18 अगस्त को चार जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक पठानकोट, होशियारपुर, मोहाली और रूपनगर में भारी बारिश होने की संभावना है. खासकर हिमाचल प्रदेश से सटे इलाकों में मौसम की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. वहीं राज्य के बाकी जिलों में फिलहाल किसी खास चेतावनी की संभावना नहीं है.
मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त को बारिश का दायरा और सीमित हो जाएगा. इस दिन पठानकोट और होशियारपुर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट रहेगा. अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.
पंजाब के किसी भी जिले के लिए 20 अगस्त को मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. 21 अगस्त को भी किसी जिले को चेतावनी वाले वर्ग में नहीं रखा गया है. ऐसे में इन दोनों दिनों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने के आसार हैं. विस्तारित पूर्वानुमान में पंजाब के पूर्वी हिस्सों में मध्यम बारिश, जबकि अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.
पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार को बारिश नहीं हुई. केवल होशियारपुर में 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बादल छाए रहने से तापमान में मामूली गिरावट आई और राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा. पिछले दिन की तुलना में कई इलाकों में तापमान कम दर्ज किया गया.
सोमवार को फिरोजपुर में सबसे अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. फरीदकोट और लुधियाना में 35 डिग्री, पटियाला में 34.9 डिग्री, चंडीगढ़ में 34.6 डिग्री और बठिंडा में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. अमृतसर में 33.9, गुरदासपुर में 33.5, होशियारपुर में 33 और जालंधर में 32.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक 18 अगस्त तक कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद मानसून की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. बारिश नहीं होने की स्थिति में पंजाब के कई हिस्सों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है.