फिरोजपुर: फिरोजपुर शहर के गोल्डन एनक्लेव में सोमवार सुबह 65 वर्षीय स्पेयर पार्ट्स कारोबारी गुरकृपाल सिंह चावला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार कारोबारी अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक गुरकृपाल सिंह बगदादी गेट चौक में स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाते थे. उनके भाई गगनदीप सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब चार बजे उठे थे. स्नान करने के बाद उन्होंने पाठ किया और पानी पीने के बाद अपने कमरे में चले गए. उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया.
काफी समय तक जब गुरकृपाल सिंह कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा गया तो वह कमरे में मृत अवस्था में पड़े थे. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना सिटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची.
परिजनों ने बताया कि घर में किसी तरह का विवाद या तनाव नहीं था. परिवार के मुताबिक गुरकृपाल सिंह किसी दिमागी बीमारी का इलाज करा रहे थे. उनका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ से चल रहा था और करीब एक वर्ष पहले उनका ऑपरेशन भी हुआ था. हालांकि परिवार ने किसी घरेलू परेशानी या विवाद की जानकारी से इनकार किया है.
गुरकृपाल सिंह की पत्नी पिछले करीब पांच महीने से मोगा में गुरबाणी का कोर्स कर रही हैं. बताया गया कि पिछले सप्ताह वह दवा लेने के लिए दो दिन फिरोजपुर आई थीं और इसके बाद वापस मोगा चली गई थीं.
घटना की सूचना मिलने के बाद एएसआई गुरमीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. अन्य परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया जाएगा. पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. परिवार की ओर से किसी विवाद या तनाव की बात सामने नहीं आई है, इसलिए पुलिस मामले की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.