चंडीगढ़: चंडीगढ़ में मतदाता सूची को अपडेट और अधिक सटीक बनाने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR अभियान के तहत बड़े स्तर पर वेरिफिकेशन शुरू किया गया है. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शहर के 1,38,070 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं. इनमें से अब तक 93,193 मतदाताओं तक नोटिस पहुंच चुके हैं. यह कुल संख्या का करीब 67.5 प्रतिशत है.
इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में मौजूद डुप्लीकेट नामों, मृतक मतदाताओं और अपात्र लोगों के नामों की पहचान करना है. इसके साथ ही योग्य मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया जा रहा है. निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाताओं के दस्तावेज और पात्रता की जांच की जा रही है.
SIR अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी यानी BLO घर घर जाकर मतदाताओं का वेरिफिकेशन कर रहे हैं. जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे. इन दस्तावेजों की जांच के बाद यह तय किया जाएगा कि संबंधित व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में रखा जाए या नियमों के अनुसार आवश्यक बदलाव किया जाए.
निर्वाचन विभाग के अनुसार अब तक 28,134 मामलों की सुनवाई असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर्स यानी AERO की ओर से की जा चुकी है. इनमें से 20,343 मामलों का निपटारा हो चुका है. वहीं 7,791 मामले अभी जांच के स्तर पर हैं.
अभियान के अगले चरण में 44,877 और मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं. इसके बाद संबंधित मतदाताओं के दस्तावेजों और पात्रता की जांच की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद मतदाता सूची में जरूरत के अनुसार संशोधन किया जाएगा.
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य केवल अपात्र नाम हटाना नहीं है. योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखना भी इसकी अहम जिम्मेदारी है. इसलिए नोटिस पाने वाले मतदाताओं से समय सीमा के भीतर अपने जरूरी दस्तावेज संबंधित BLO या AERO के समक्ष जमा करने की अपील की गई है.
किसी तरह की परेशानी होने पर मतदाता 1950 हेल्पलाइन या 1800-11-1950 टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा Voter Helpline App, Voters Service Portal और अपने क्षेत्र के BLO या AERO कार्यालय से भी जानकारी ली जा सकती है.