पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं. हाल ही में केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब पार्टी की नजर नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति पर है. माना जा रहा है कि भाजपा जल्द ही इस पद पर ऐसे वरिष्ठ नेता को जिम्मेदारी सौंप सकती है, जिसे चुनावी रणनीति और संगठन संचालन का व्यापक अनुभव हो. सूत्रों के अनुसार, पंजाब भाजपा के नए प्रभारी के चयन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका अहम रहेगी. पार्टी नेतृत्व चाहता है कि चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय किया जाए, ताकि विधानसभा चुनाव की तैयारियों को समय रहते गति मिल सके.
पंजाब भाजपा पिछले करीब 13 महीनों से स्थायी प्रदेश प्रभारी के बिना काम कर रही है. पिछले वर्ष 12 जून को तत्कालीन पंजाब प्रभारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था. सितंबर 2022 में उन्हें पंजाब का प्रभारी बनाया गया था.
पार्टी के एक वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अगले करीब 10 दिनों में अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर सकते हैं. इसके बाद विभिन्न राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. इसी क्रम में पंजाब के नए प्रभारी के नाम पर भी अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है.
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि विधानसभा चुनाव में अब अधिक समय नहीं बचा है. ऐसे में पार्टी ऐसे नेता को प्रभारी बनाना चाहती है, जिसे चुनाव प्रबंधन, संगठन विस्तार और राजनीतिक रणनीति का अनुभव हो. वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि पंजाब के राजनीतिक हालात पर अमित शाह लगातार नजर बनाए हुए हैं और अंतिम फैसला उनकी राय से ही होगा.
पार्टी का मानना है कि केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के लिए नए प्रभारी की नियुक्ति जरूरी है. हाल ही में दिल्ली में अमित शाह ने पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा भी की थी. इससे संकेत मिले हैं कि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर पार्टी शीर्ष नेतृत्व विशेष ध्यान दे रहा है.