menu-icon
India Daily

अबोहर नगर पर 'आप' का कब्जा, गणेश सबलानियां बने मेयर; भाजपा ने उठाए सवाल

फाजिल्का के अबोहर नगर निगम में मेयर चुनाव के दौरान बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया. आम आदमी पार्टी ने गणेश सबलानियां को मेयर घोषित किया, जबकि भाजपा ने प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.

KanhaiyaaZee
अबोहर नगर पर 'आप' का कब्जा, गणेश सबलानियां बने मेयर; भाजपा ने उठाए सवाल
Courtesy: Social Media

चंडीगढ़: पंजाब के फाजिल्का जिले स्थित अबोहर नगर निगम में मेयर चुनाव के दौरान शुक्रवार को राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया. आम आदमी पार्टी ने अपने पार्षद गणेश सबलानियां को मेयर घोषित कर दिया, जिसके बाद भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए. नगर निगम परिसर में विरोध, नारेबाजी और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गया. हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और वरिष्ठ अधिकारी भी विवाद के बीच घिर गए.

नगर निगम में मेयर चुनाव की प्रक्रिया शाम करीब चार बजे शुरू हुई. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर में पुलिस बल तैनात रहा. करीब एक घंटे बाद आम आदमी पार्टी के हल्का इंचार्ज अरुण नारंग ने विजेता पार्षद गणेश सबलानियां को मेयर घोषित कर दिया. इसके बाद चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष ने कड़ा विरोध जताया.

भाजपा ने उठाए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल

मेयर घोषित होने के तुरंत बाद भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही. उनका कहना था कि उनके पास 29 पार्षदों का समर्थन था, जबकि आम आदमी पार्टी के पास केवल 20 पार्षद थे. भाजपा नेताओं ने प्रशासन से स्पष्ट जवाब मांगते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की.

नगर निगम परिसर में बढ़ा तनाव

विवाद बढ़ने के साथ ही भाजपा पार्षदों ने अधिकारियों के वाहनों का घेराव कर दिया. भाजपा विधायक संदीप जाखड़ और अन्य पार्षद जिला उपायुक्त की गाड़ी के सामने बैठ गए. इसी दौरान वाहन आगे बढ़ाने की कोशिश में दो भाजपा पार्षद घायल हो गए. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया.

सुनील जाखड़ पहुंचे, अधिकारियों से मांगा जवाब

घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ भी नगर निगम पहुंचे. उन्होंने राज्य सरकार पर धक्केशाही का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से पूरी प्रक्रिया पर जवाब मांगा. इसके बाद उन्होंने जिला उपायुक्त और फिरोजपुर मंडल के आयुक्त के साथ बैठक कर चुनाव को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया.

राजनीतिक टकराव के बीच बढ़ी हलचल

शाम तक नगर निगम कार्यालय में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं. भाजपा नेताओं ने दावा किया कि वे इस पूरे मामले को आगे भी उठाएंगे और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग करेंगे. दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवार के मेयर बनने को वैध प्रक्रिया का हिस्सा बताया. अब इस घटनाक्रम पर सभी की नजरें आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं.