menu-icon
India Daily

सिस्टम से हारी महिला ने गुस्से में पेट्रोल डालकर लगाई अपने ई-रिक्शे को आग, वीडियो में देखें कैसे मेहनत की कमाई जलकर हुई खाक

शिवपुरी में एक महिला ने सर्विस सेंटर की लापरवाही से परेशान होकर शोरूम के बाहर अपनी ₹2.5 लाख की ई-रिक्शा में आग लगा दी. महिला पिछले चार महीनों से अपनी गाड़ी ठीक करवाने के लिए संघर्ष कर रही थी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
सिस्टम से हारी महिला ने गुस्से में पेट्रोल डालकर लगाई अपने ई-रिक्शे को आग, वीडियो में देखें कैसे मेहनत की कमाई जलकर हुई खाक
Courtesy: @Anurag_Dwary x account

शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में यहां की सिस्टम और सर्विस सेंटर की लापरवाही से परेशान होकर एक महिला ने अपनी 2.5 लाख रुपये की ई-रिक्शा को आग लगा दी, जिसे उसने अपनी मेहनत की कमाई से खरीदा था.

पीड़ित गुड़िया माहौर और उनके पति नारायण पेशे से मजदूर हैं. उन्होंने रोजाना की मजदूरी से बचने और अपने तीन बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए करीब छह महीने पहले यह ई-रिक्शा खरीदा था. इसके लिए उन्होंने लोन भी लिया था. इसकी कीमत लगभग 2.30 से 2.50 लाख रुपये थी. उन्हें उम्मीद थी कि इससे उनकी घर की इनकम बढ़ेगी लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.

गुड़िया ने क्या लगाया आरोप?

गुड़िया का आरोप है कि रिक्शा खरीदने के सिर्फ दो महीने बाद ही उसमें खराबी आ गई. वह पिछले चार महीनों से लगातार शोरूम के चक्कर लगा रही थी लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी. गाड़ी घर पर कबाड़ की तरह पड़ी थी. इस बीच लोन की किस्तें भी जमा हो रही थीं. परेशान होकर उसे फिर से मजदूरी का काम करना पड़ा. गुड़िया ने कहा, 'मैंने उनके सामने हाथ जोड़कर विनती की, उनसे इसे ठीक करने की गुहार लगाई, लेकिन वे हर बार मुझे टालते रहे.'

गुड़िया ने क्यों लगाई ई-रिक्शा को आग?

जब शोरूम मालिकों ने साफ कह दिया कि कुछ नहीं हो सकता, तो गुड़िया का सब्र टूट गया. गुस्से और निराशा में उसने शोरूम के ठीक बाहर अपनी ई-रिक्शा पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. वहां अफरा-तफरी मच गई और रिक्शा जलकर राख हो गया. इस घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

शोरूम मालिक ने क्या कहा?

दूसरी ओर, शोरूम के इंचार्ज शुभम शर्मा ने अपनी सफाई दी है. उनका दावा है कि रिक्शा में कोई मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट नहीं था बल्कि ई-रिक्शा की बैटरी फट गई थी. कंपनी की पॉलिसी के अनुसार खराब बैटरी को वारंटी में रिप्लेस नहीं किया जाता है. महिला से अपने खर्च पर नई बैटरी खरीदने के लिए कहा गया था लेकिन उसने ऐसा करने से मना कर दिया.

पुलिस मौके पर पहुंची, आग बुझाई और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है. इस बीच गुड़िया मांग कर रही है कि या तो रिक्शा को पूरी तरह से ठीक किया जाए, या नया रिक्शा दिया जाए या फिर उसका पूरा पेमेंट वापस किया जाए.