मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नोएडा की रहने वाली पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे परिवार को सदमें में डाल दिया है. मामले की जांच की जा रही है, जिसमें लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. अब ट्विशा और उनकी दोस्त मीनाक्षी का इंस्टाग्राम चैट सामने आया है.
ट्विशा और मीनाक्षी के इस चैट ने मामले की गंभीरता को उजागर किया है. ट्विशा ने अपने निधन से पहले अपनी दोस्त मीनाक्षी से इंस्टाग्राम पर बात की थी. सामने नजर आ रहे चैट में ट्विशा ने लिखा कि मैं फंस गई हूं, यार. बस तू मत फंसना. उसने कहा कि वह ज्यादा बात नहीं कर सकती. जब सही समय आएगा, तब कॉल करेगी. लेकिन अब वो सही समय कभी नहीं आ पाएगा.
नोएडा की रहने वाली ट्विशा की शादी भोपाल के एक वकील और जज के परिवार में हुई थी. उस घर में वह काफी परेशान रहती थी, जिसके बारे में उसने अपने माता-पिता को भी बताया था. हालांकि घर वाले कुछ कर पाते उससे पहले 12 मई को रहस्यमय परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई.. मिल रही जानकारी के मुताबिक ट्विशा दो महीने गर्भवती थी और उसका पति बच्चे को स्वीकार करने से मना कर रहा था. जिससे वह काफी परेशान थी.
उसने आखिरी मैसेज अपने दोस्त मीनाक्षी को भेजा था और कभी भी शादी ना करने की सलाह दी थी. अब दोनों दोस्तों के चैट सामने आए हैं, जिसमें ट्विशा अपनी दोस्त से मीनाक्षी से कहती है कि तुम कभी भी शादी मत करना. जिसपर मीनाक्षी ने कहा कि मुझे तुम्हारी चिंता हो रही है. मैं तुमसे प्यार करती हूं, बहुत ज्यादा प्यार करती हूं. मैं तुम्हारे साथ हूं. परिवार की ओर से इस मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की जा रही है.
ट्विशा के परिवार वालों ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के घर के बाहर रविवार को प्रदर्शन किया और दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम करवाने की मांग की. उन्होंने मृतका का अंतिम संस्कार करने से भी मना कर दिया. परिवार वालों का कहना है कि यह तभी होगा जब उसकी मौत के बारे में सही कारण पता चलेगा. परिवार वालों का कहना है कि ट्विशा के शरीर पर कई चोट के निशान पाए गए थे. जिससे यह साबित होता है कि परिवार वालों ने उसकी हत्या की है. हालांकि ससुराल वालों की तरफ से इसे आत्महत्या बताया जा रहा है.
ट्विशा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ससुराल के एक कमरे में फंदे से लटकी मिली थी. मिल रही जानकारी के मुताबिक ट्विशा और उनके पति समर्थ सिंह एक डेटिंग एप पर मिले थे. दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी की थी, जिसके बाद वह भोपाल चली गई. हालांकि शादी के कुछ समय बाद ही वह अपने ससुराल से वापस आना चाहती थी. उसने अपने घर वालों को कई बार शिकायत की. उन शिकायतों के खिलाफ कुछ एक्शन लिया जाता, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई. हालांकि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया है.