menu-icon
India Daily

पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन बनी आग का गोला, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

बिहार के सासाराम स्टेशन पर पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में आग लग गई. शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है. कोई हताहत नहीं हुआ और रेलवे ने जांच शुरू कर दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन बनी आग का गोला, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
Courtesy: @vani_mehrotra x account

पटना: पटना जा रही एक पैसेंजर ट्रेन में बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर आग लग गई. तस्वीरों में ट्रेन के एक कोच से घना धुआं निकलता दिखा, जबकि कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे.

शुरुआती जांच में सामने आया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है. सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में तब आग लगी, जब वह सासाराम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी थी; यह घटना सुबह करीब 6 बजे ट्रेन के रवाना होने से कुछ ही देर पहले हुई.

कैसी थी वहां की स्थिति?

आग लगने से प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. रेलवे पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और दमकल विभाग की टीम की मदद से आग पर काबू पाया. ट्रेन का एक कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया.

फिलहाल क्षतिग्रस्त कोच को ट्रेन से अलग करने ट्रेन के समय में बदलाव करने और पूरी जांच-पड़ताल के बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की प्रक्रिया चल रही है.

कब हुई ये घटना?

यह घटना रविवार को मध्य प्रदेश के रतलाम में दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में भीषण आग लगने की घटना के ठीक एक दिन बाद हुई है.

यह घटना विक्रमगढ़ आलोट और लुनी रिछा स्टेशनों के बीच हुई. आग की वजह से B-1 कोच के ठीक पीछे जुड़ा दूसरा लगेज-कम-गार्ड वैन भी क्षतिग्रस्त हो गया. ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

अधिकारियों ने क्या बताया?

अधिकारियों ने बताया कि कोच में लगे सुरक्षा सिस्टम ने तुरंत काम किया, जिसके चलते घटना के तुरंत बाद ही ट्रेन अपने आप रुक गई. एक वीडियो में ट्रेन से अलग किए गए कोच से काले धुएं का घना गुबार आसमान की ओर उठता हुआ दिखाई दिया. आग की लपटें रेलवे ट्रैक के पास लगे कुछ पेड़ों तक भी फैल गईं.

आग लगने की इस घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने कोचों और रेलवे के अन्य बुनियादी ढांचों में लगे आग से सुरक्षा से जुड़े सिस्टम की जांच के लिए देशव्यापी ऑडिट शुरू किया है, ताकि सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.