menu-icon
India Daily

श्योपुर में ट्रैक्टर ट्राली पलटने हुआ बड़ा हादसा, 4 की दर्दनाक मौत; 40 से ज्यादा लोग घायल

श्योपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार महिलाओं की मौत और 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए. ओवरलोडिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
श्योपुर में ट्रैक्टर ट्राली पलटने हुआ बड़ा हादसा, 4 की दर्दनाक मौत; 40 से ज्यादा लोग घायल
Courtesy: Pinterest

श्योपुर: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में लोग एक पारंपरिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. बताया जा रहा है कि घूघस गांव से लोग झारबडौदा की ओर ‘भात’ मांगने के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए निकले थे. सभी लोग एक ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे.

वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?

वहां मौजूद लोगों के मुताबिक ट्रॉली में 40 से ज्यादा लोग बैठे हुए थे, जिससे वाहन पर अत्यधिक भार हो गया था. जब ट्रैक्टर-ट्रॉली खितरपाल गांव के पास पहुंची, तभी चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.

हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली में बैठे कई लोग उसके नीचे दब गए. घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घायलों को तुरंत विजयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया. गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को आगे जिला अस्पताल रेफर किए जाने की बात कही जा रही है.

चार महिलाओं की इस हादसे में मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है.

क्या था हादसे का कारण?

प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली में जरूरत से ज्यादा सवारियां होना और वाहन का असंतुलन बताया जा रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चालक से पूछताछ की जा रही है.

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें. इस तरह के वाहनों में अधिक सवारी बैठाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है.