मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के चंदावली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक रिटायर्ड डीएसपी को उनकी पत्नी और दो बेटों द्वारा कथित तौर पर बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पूर्व डीएसपी की छाती पर उसका छोटा बेटा चढ़ा हुआ है, जबकि बड़ा बेटा पैसा छीनने को लेकर पिता का पैर रस्सी से बांधकर घसीटा रहा है.
वायरल वीडियो में रिटायर्ड डीएसपी प्रतिपाल सिंह यादव को अर्धनग्न अवस्था में जमीन पर पड़ा हुआ देखा जा सकता है. वीडियो में उनका छोटा बेटा उनकी छाती पर चढ़ा हुआ है, जबकि बड़ा बेटा उनके पैर को रस्सी से बांधकर घसीटता हुआ नजर आ रहा है. यह दृश्य न केवल अमानवीय है, बल्कि रिश्तों की पवित्रता को भी तार-तार करता है। बताया जा रहा है कि यह घटना भोती थाना क्षेत्र के चंदावली गांव में रविवार को हुई, जब पूर्व डीएसपी के बेटे और पत्नी उनके घर पहुंचे और रिटायरमेंट के पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया.
Shameful 🚨
— Mayank (@mayankcdp) August 25, 2025
In Shivpuri, Madhya Pradesh
Retired DSP Pratipal Singh Yadav was brutlly asaulted by his own family, for his retirement money.
One son sat on his chest while the other tied his hands and feet. Meanwhile, his wife fled with his ATM card and mobile phone.
Video 📷 pic.twitter.com/l86LzPE19U
14 साल पुराना पारिवारिक विवाद
जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड डीएसपी प्रतिपाल सिंह यादव और उनके परिवार के बीच रिटायरमेंट के पैसों को लेकर पिछले 14 सालों से विवाद चल रहा था. इस विवाद के चलते उनकी पत्नी और दोनों बेटे उनसे अलग रह रहे थे. इस साल मार्च में सेवानिवृत्त होने के बाद प्रतिपाल सिंह को रिटायरमेंट के रूप में प्राप्त राशि को लेकर परिवार में तनाव और बढ़ गया. परिवार का दावा है कि प्रतिपाल सिंह ने मानसिक संतुलन खो दिया है, जिसके कारण वे उन्हें अपने साथ ले जाना चाहते थे। हालांकि, वायरल वीडियो में दिख रही क्रूरता इस दावे पर सवाल उठाती है.
रिटायरमेंट के पैसे के लिए टार्चर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार को पूर्व डीएसपी के घर पहुंचे उनके बेटों ने उन्हें बंधक बना लिया और रिटायरमेंट के पैसों के लिए उन पर दबाव डाला. आरोप है कि बेटों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनका फोन और ATM कार्ड भी छीन लिया। गांव वालों ने जब यह क्रूरता देखी, तो उन्होंने इसका वीडियो बनाया और पुलिस को सूचित किया. पुलिस को दिए बयान में रिटायर्ड डीएसपी ने बताया कि उसकी पत्नी उसके रिटायरमेंट खाते से जुड़ा एटीएम कार्ड छीनकर ले गई है, जिसमें 20 लाख रुपए जमा है और 30 लाख रुपए और आने वाले हैं. उन्होंने अपने पैसे को बचाने की गुहार लगाई है.
भोती थाना पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए रिटायर्ड डीएसपी की शिकायत पर उनकी पत्नी और दोनों बेटों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अभद्र व्यवहार, मारपीट और बंधक बनाने के आरोप शामिल किए गए हैं.