menu-icon
India Daily

MP Weather: एमपी के 35 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश, अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी

मध्य प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश हुई है. नर्मदापुरम में सबसे अधिक 4.2 इंच वर्षा दर्ज की गई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
MP Weather: एमपी के 35 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश, अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी
Courtesy: Chatgpt

भोपाल: मध्य प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है. पिछले 24 घंटों में 35 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 4.2 इंच वर्षा नर्मदापुरम में रिकॉर्ड की गई. भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. उमरिया में लगातार वर्षा के बाद संजय गांधी ताप बिजली केंद्र से पानी छोड़ा गया. वहीं रायसेन में धान के खेत पानी से लबालब हो गए हैं. भोपाल सहित कई शहरों में रात से रुक रुककर बारिश का सिलसिला जारी है.

मौसम विशेषज्ञ ने क्या बताया?

मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मानसूनी तंत्र, कम दबाव का क्षेत्र और अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं. दक्षिण पश्चिम और पश्चिम दक्षिण पश्चिम दिशा से 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं मानसून को और मजबूत कर रही हैं. कुछ स्थानों पर हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

कितना था तापमान?

बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. हवा में 75 से 95 प्रतिशत तक नमी रहने से गरज चमक वाले बादल लगातार बन रहे हैं, जिससे बारिश का दौर बना हुआ है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है.

मौसम विभाग ने भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल, मंडला, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, बैतूल और आसपास के जिलों में अगले 48 घंटों तक भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है. लोगों को नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है.