menu-icon
India Daily

भांजे की शादी में जमकर झूम रहे थे मामा, तभी आ गई मौत, देखें खौफनाक वीडियो

जानकारी के अनुसार, बड़वानी जिले के पिपलुद गांव निवासी घनश्याम यादव अपने भांजे की शादी में शामिल होने खरगोन जिले के वझरा गांव आए थे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
भांजे की शादी में जमकर झूम रहे थे मामा, तभी आ गई मौत, देखें खौफनाक वीडियो
Courtesy: @Vershasingh26

मध्यप्रदेश के खरगोन जिले से एक दुखद खबर सामने आई है. यहां एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे के मामा की अचानक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि डांस करते समय उन्हें हार्ट अटैक आया. कुछ ही पलों में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.

जानकारी के अनुसार, बड़वानी जिले के पिपलुद गांव निवासी घनश्याम यादव अपने भांजे की शादी में शामिल होने खरगोन जिले के वझरा गांव आए थे. मंगलवार रात को मेहंदी की रस्म चल रही थी. परिवार और रिश्तेदार संगीत पर नाच-गा रहे थे. माहौल पूरी तरह खुशी से भरा हुआ था.

डांस करते-करते अचानक गिरे

इसी दौरान घनश्याम यादव भी अपनी पत्नी के साथ स्टेज पर डांस कर रहे थे. नाचते-नाचते वे अचानक जमीन पर गिर पड़े. शुरुआत में वहां मौजूद लोगों को लगा कि यह डांस का हिस्सा है लेकिन जब वे काफी देर तक नहीं उठे, तो परिवार के लोगों को चिंता हुई.

रिश्तेदार तुरंत उन्हें उठाकर पास के अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घनश्याम यादव किसान थे और उनके पास करीब आठ एकड़ जमीन बताई जा रही है. उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है, जो आठवीं कक्षा में पढ़ता है. वे उसी दिन भात लेकर शादी में शामिल होने आए थे. शादी का घर जहां कुछ देर पहले तक संगीत और हंसी से गूंज रहा था, वहां अचानक सन्नाटा छा गया. रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की अचानक घटनाएं यह याद दिलाती हैं कि सेहत का ध्यान रखना कितना जरूरी है. शादी की खुशियों के बीच आई इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है.