इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से सामने आया एक मामला समाज को झकझोर देने वाला है. यहां एक 22 वर्षीय हिंदू युवती ने एक युवक पर पहचान छिपाकर दोस्ती करने, फिर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है.
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है. मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश और चर्चा का माहौल है.
लसूड़िया थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता पेट्रोल पंप पर काम करती है और मां व भाई के साथ रहती है. करीब एक साल पहले उसकी पहचान अश्विन नाम के युवक से हुई थी, जिसने खुद को हिंदू बताया. फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन दोनों कभी साथ बाहर नहीं गए. युवती का कहना है कि उसने आरोपी पर भरोसा किया, क्योंकि उसने अपनी असली पहचान छिपाकर रखी थी.
7 दिसंबर 2025 को आरोपी युवती को स्टार चौराहे पर मिलने बुलाकर मामा-भांजे की दरगाह ले गया. वहीं उसने स्वीकार किया कि उसका असली नाम अनस है और वह मुस्लिम है. आरोपी ने युवती पर निकाह करने का दबाव बनाया. अचानक सामने आई सच्चाई से युवती स्तब्ध रह गई और उसने शादी से इनकार कर घर लौटने का फैसला किया.
पीड़िता के अनुसार, 12 दिसंबर की रात आरोपी ने दोबारा मिलने बुलाया और स्कीम नंबर-78 स्थित एक कमरे में ले गया. वहां उसने इस्लाम अपनाने का दबाव बनाया. विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर जबरन दुष्कर्म किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. युवती किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची.
घटना के बाद युवती ने पूरी आपबीती अपनी मां को बताई. इसके बाद मां के साथ वह हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं के साथ लसूड़िया थाने पहुंची. पुलिस ने आरोपी अनस उर्फ अश्विन के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया.
पुलिस जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से अन्य युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और एक चाकू की फोटो भी मिली है. हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि आरोपी लंबे समय से युवती पर दबाव बना रहा था. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.