10 करोड़ का सोना और 5 लाख कैश, बैंक में हथियारबंद बदमाशों ने डाली बड़ी डकैती, 15 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार
जबलपुर के खितौला में इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक से छह हथियारबंद बदमाश 14.8 किलो सोना और 5.7 लाख नकद लूटकर फरार हो गए. बदमाश तीन बाइकों पर आए थे. घटना के समय बैंक में सुरक्षा गार्ड भी मौजूद नहीं था. पुलिस ने नाकाबंदी और आसपास के जिलों में अलर्ट जारी किया है.
जबलपुर से 50 किलोमीटर दूर खितौला इलाके में सोमवार सुबह हुई एक सनसनीखेज बैंक डकैती ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया. सुबह करीब 11 बजे इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में छह हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला और महज 15 मिनट में 14 किलो 800 ग्राम सोना व 5 लाख 70 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए. लूटे गए सोने की कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है.
पुलिस के अनुसार, बदमाश तीन बाइकों पर सवार होकर बैंक पहुंचे थे. बैंक के बाहर बाइक खड़ी करने के बाद वे एक-एक कर अंदर दाखिल हुए. पहले उन्होंने कुछ समय कर्मचारियों की गतिविधियां देखीं, फिर अचानक कट्टा निकालकर सभी को धमकाने लगे. बदमाश लगातार गोली मारने की धमकी देते रहे, जिससे बैंक स्टाफ दहशत में आ गया. वारदात के समय बैंक में मैनेजर समेत छह कर्मचारी मौजूद थे.
Also Read
- ‘चाचा विधायक हैं’, बीजेपी विधायक के भतीजे ने टोल प्लाजा पर की गुंडागर्दी, वायरल वीडियो में देखें कैसे हॉकी स्टिक से मचाया उत्पात
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का ट्रंप पर टैरिफ को लेकर हमला, कहा-भारत की प्रगति से जलते हैं कुछ लोग
- Raja Raghuvanshi Murder Case: राजा के बाद अब सोनम रघुवंशी की दादी की मौत, पोती की करतूत से सदमे में थी
पुलिस जांच में आया सामने
महत्वपूर्ण बात यह है कि घटना के वक्त बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था. बैंक आमतौर पर सुबह 10:30 बजे खुलता है, लेकिन हाल के दिनों में त्योहार के कारण इसे सुबह 8 से 9 बजे के बीच खोला जा रहा था. पुलिस जांच में सामने आया है कि यह बैंक सोना गिरवी रखकर लोन देने का काम करता है, जिसके चलते यहां बड़ी मात्रा में सोना रखा हुआ था.
सीसीटीवी कैमरों से तलाशी
सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाश नजर आ रहे हैं, हालांकि बैंक कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि कुल छह लोग शामिल थे. वारदात के बाद बदमाश अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले, जिससे पुलिस को उनका पीछा करने में कठिनाई हुई. पुलिस अब बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी
सूचना मिलते ही डीआईजी अतुल सिंह, एसपी संपत उपाध्याय और एएसपी सूर्यकांत शर्मा मौके पर पहुंचे. पुलिस ने खितौला, सिहोरा और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी है. साथ ही कटनी, मंडला और डिंडोरी जिलों की पुलिस को भी अलर्ट पर रखा गया है. डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से बदमाशों के सुराग तलाशे जा रहे हैं.
पेशेवर तरीके से वारदात को दिया अंजाम
बैंक अधिकारियों ने बताया कि लुटेरे हेलमेट पहनकर आए थे, जिससे उनके चेहरे पहचाने नहीं जा सके. सभी के हाथ में कट्टा था और वे बेहद पेशेवर तरीके से वारदात को अंजाम देकर भाग निकले. पुलिस को आशंका है कि बदमाश पहले से बैंक की रूटीन और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे थे. इस बड़ी डकैती ने इलाके में दहशत फैला दी है और पुलिस के लिए चुनौती बन गई है कि जल्द से जल्द बदमाशों को पकड़कर लूट का सामान बरामद किया जाए.