menu-icon
India Daily

‘चाचा विधायक हैं’, बीजेपी विधायक के भतीजे ने टोल प्लाजा पर की गुंडागर्दी, वायरल वीडियो में देखें कैसे हॉकी स्टिक से मचाया उत्पात

MLA Manoj Chaudhary: मध्य प्रदेश के बीजेपी विधायक मनोज चौधरी के भतीजे निखिल चौधरी ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा मचाया है. 6 अगस्त को इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर भौंरासा के पास एक टोल नाके पर हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

babli
Edited By: Babli Rautela
‘चाचा विधायक हैं’, बीजेपी विधायक के भतीजे ने टोल प्लाजा पर की गुंडागर्दी, वायरल वीडियो में देखें कैसे हॉकी स्टिक से मचाया उत्पात
Courtesy: X

MLA Manoj Chaudhary: मध्य प्रदेश के देवास जिले में बीजेपी विधायक मनोज चौधरी के भतीजे निखिल चौधरी ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा मचाया है. 6 अगस्त को इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर भौंरासा के पास एक टोल नाके पर हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. निखिल, जो पेशे से डॉक्टर हैं, ने टोल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, हॉकी स्टिक से बैरिकेड फेंके और धमकी दी कि 'विधायक के नाम पर सारी गाड़ियां निकलेंगी.' इस घटना ने राज्य में कानून व्यवस्था और सत्ता के दुरुपयोग पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

घटना 6 अगस्त की शाम करीब 6 बजे की है, जब निखिल चौधरी अपनी कार के साथ टोल प्लाजा के लेन नंबर 10 पर पहुंचे. टोल कर्मचारियों ने उनसे शुल्क मांगा, जिसके जवाब में निखिल ने खुद को हाटपीपल्या से बीजेपी विधायक मनोज चौधरी का भतीजा बताते हुए टोल देने से इनकार कर दिया. जब कर्मचारियों ने गाड़ी रोकने की कोशिश की, तो निखिल ने हॉकी स्टिक निकालकर कर्मचारियों को धमकाया और कहा, 'मेरा नाम निखिल चौधरी है, तुम मुझे नहीं जानते. मेरी गाड़ी फ्री में निकलेगी, वरना तुम टोल वालों को जान से मार दूंगा.' 

वायरल वीडियो ने इंटरनेट पर मचाया तहलका 

वायरल वीडियो में निखिल को हॉकी स्टिक के साथ टोल कर्मचारियों को धमकाते और बैरिकेड फेंकते देखा जा सकता है. घटना के दौरान वहां भीड़ जमा हो गई, और वाहनों की लंबी कतार लग गई. भौंरासा थाना पुलिस ने टोल प्रबंधन की शिकायत पर निखिल चौधरी और उनके दो साथियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296, 351(3), और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.

कांग्रेस ने साधा निशाना  

इस घटना के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है. सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस ने लिखा, 'यह गुंडई अधिकार है हमारा क्योंकि चाचा विधायक हैं हमारे. सत्ता के दबाव में प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है.' कांग्रेस ने इस घटना को सत्ता के दुरुपयोग और कानून व्यवस्था की विफलता का प्रतीक बताया, जिससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

हाटपीपल्या विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक मनोज चौधरी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी समर्थक माने जाते हैं. 2020 में जब सिंधिया ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन की थी, तब चौधरी ने भी विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था. वर्तमान में वह हाटपीपल्या से विधायक हैं. इस घटना के बाद उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन बंद पाया गया.