menu-icon
India Daily

बेंगलुरु में आज से बंद रहेंगे होटल और रेस्टोरेंट? मिडिल ईस्ट तनाव के बीच कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई पर लगा ब्रेक!

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच LPG सिलेंडर के सप्लाई के बीच ब्रेक लगा है. बैंगलोर होटल्स एसोसिएशन ने इसे लेकर चेतावनी जारी की है और कहा है कि अगर सप्लाई सही से नहीं होता है तो होटल और रेस्टोरेंट बंद हो सकते हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
बेंगलुरु में आज से बंद रहेंगे होटल और रेस्टोरेंट? मिडिल ईस्ट तनाव के बीच कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई पर लगा ब्रेक!
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर अब भारत पर भी पड़ रहा है. केंद्र सरकार की ओर से सोमवार को घरेलु उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बदलाव किया गया. हालांकि सरकार की ओर से कहा गया कि घरेलू उपभोक्ता का सप्लाई प्राथमिकता रहेगी. जिसके बाद कमर्शियल कनेक्शन वालों के बीच हड़बड़ाहट बढ़ गई है. 

बैंगलोर होटल्स एसोसिएशन की ओर से यह चेतावनी दी गई है कि सप्लाई में ब्रेक लगने पर बेंगलुरु में होटल और रेस्टोरेंट 10 मार्च से बंद हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि सोमवार को कई कमर्शियल किचन को सिलेंडर नहीं मिला. अगर सप्लाई नहीं हुआ तो होटल बंद हो सकते हैं.

बेंगलुरु के होटल मालिकों ने क्या कहा? 

बेंगलुरु के होटल मालिकों का कहना है कि उनके पास अभी मंगलवार तक का स्टॉक है, लेकिन अगर हालात नहीं सुधरते हैं तो किसी भी समय सर्विस बंद की जा सकती है. होटल के मालिकों का कहना है कि वे जल्दबाजी में बंद करने का कोई प्लान नहीं बना रहे हैं. लेकिन ज्यादा दिन तक स्थिति को नहीं संभाल सकते हैं. अगर जल्द ही सप्लाई सर्विस सही नहीं होती है तो छोटे-छोटे ऑपरेटरों को अपना बिजनेंस बंद भी करना पड़ सकता है. हालांकि सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि यह कदम जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग को रोकने के लिए उठाया गया है.

वैश्विक स्तर पर LPG सिलेंडर की क्यों बढ़ रही मांग?

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर LPG सिलेंडर की मांग तेज हो गई है. सरकार की ओर से रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया गया है. कमर्शियल कनेक्शन से ज्यादा घरेलू कनेक्शन को प्राथमिकता दी जा रही है.भारत ने अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और नॉर्वे जैसे देशों से बातचीत शुरू की है. सरकार के इन प्रयासों से लगातार उपलब्धता बनी रहेगी और पैनिक खरीदारी रुकेगी. कमर्शियल सेक्टर जैसे रेस्टोरेंट और ऑटोमोबाइल के लिए मंत्रालय द्वारा एक कमेटी गठित की गई है. यह कमेटी उनकी जरूरतों की जांच करेगी और उचित मात्रा में सप्लाई सुनिश्चित करने की कोशिश करेगी.

पेट्रोल-डीजल के भी बढ़ेंगे दाम?

पेट्रोल-डीजल के दामों में अभी तक कोई उछाल नहीं आया है. लेकिन एक्सपर्ट का कहना है कि अगर कच्चा तेल 130 डॉलर प्रति बैरल पार कर जाता है तो इसके दामों में भी बढ़ोतरी हो सकती है, फिलहाल कच्चा तेल 100 डॉलर के आसपास है. हालांकि सरकार की ओर से यह कहा गया है कि देश में एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कोई कमी नहीं है. ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने के लिए होर्मुज स्ट्रेट के वैकल्पिक रास्ते तलाशे जा रहे हैं.