menu-icon
India Daily

ससुराल वालों ने स्कूटर देने से किया इनकार तो भड़का युवक, पेट्रोल डालकर पत्नी और सास- ससुर को जिंदा जलाया

बेंगलुरु में स्कूटर को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोपी पांडुरंगा ने पत्नी सुमलता और उसके माता पिता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. तीनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
ससुराल वालों ने स्कूटर देने से किया इनकार तो भड़का युवक, पेट्रोल डालकर पत्नी और सास- ससुर को जिंदा जलाया
Courtesy: Grok AI

बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु में एक चौंकाने वाली घटना हुई है, जहां टू-व्हीलर को लेकर हुए झगड़े के बाद एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके माता-पिता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. तीनों बुरी तरह जल गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.  इस मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान नंदिनी लेआउट के रहने वाले 32 साल के पांडुरंगा के रूप में हुई है. घायल महिला की पहचान 27 साल की सुमलता के रूप में हुई है, जो घरेलू सहायिका के तौर पर अपने परिवार का गुजारा करती है. यह घटना बेंगलुरु के ताराबनहल्ली इलाके में उसके घर पर हुई.

क्या है पूरा मामला?

शुरुआती जानकारी के मुताबिक पांडुरंगा रविवार को सुमलता के घर पहुंचा और उससे स्कूटर मांगा. सुमलता ने मना कर दिया, जिससे दोनों के बीच बहस हो गई. बहस बढ़ने पर सुमलता के माता-पिता ने बीच-बचाव किया, जो गरमागरम बहस में बदल गई और स्थिति ने भयानक रुप ले लिया. 

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस का कहना है कि गुस्से में आकर आरोपी ने अपने पास रखी बोतल से पेट्रोल निकाला और सुमलता और उसके माता-पिता पर डाल दिया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने तीनों को आग लगा दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से भाग गया लेकिन पुलिस ने जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया.

कैसी थी वहां की स्थिति?

इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घर से आग की लपटें और चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी उनके घर भागते हुए पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की. गंभीर रूप से घायल पत्नी, सास-सुसर तीन लोगों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. 

पुलिस ने इस घटना पर क्या लिया एक्शन?

पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सोलादेवनहल्ली पुलिस स्टेशन में इंडियन पीनल कोड की धारा 109 यानी हत्या की कोशिश और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया. जिसके बाद आगे की कार्रवाई जारी है.