रायचूर: कर्नाटक के एक युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी शादी का कार्ड भेजा था. इसके जवाब में प्रधानमंत्री ने युवक को एक पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने नवविवाहित जोड़े को अपनी शुभकामनाएं दीं. प्रधानमंत्री के जवाब ने युवक को बहुत भावुक कर दिया और इसके बाद उसने इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. तब से लोग प्रधानमंत्री के इस विनम्र भाव की खूब तारीफ कर रहे हैं.
कर्नाटक के रायचूर जिले के कनिहाला गांव के रहने वाले राजेश नाइक ने 13 अप्रैल को सविता से शादी की. अपनी एक निजी इच्छा के चलते राजेश नाइक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी शादी में बुलाने का फैसला किया और डाक से उन्हें निमंत्रण कार्ड भेजा. 16 अप्रैल को राजेश नाइक को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा खुद लिखा गया एक पत्र मिला.
16 अप्रैल को लिखे अपने पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'श्री रमेश नाइक जी, मुझे अपनी शादी में बुलाने के लिए आपका तहे दिल से शुक्रिया. जैसा कि आप और सविता जीवन के इस शुभ पड़ाव की शुरुआत कर रहे हैं, मैं आप दोनों को एक उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं.'
पत्र में आगे लिखा था, 'आपके विचार, भावनाएं और कार्य हमेशा एक-दूसरे से जुड़े रहें. आप हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ दें, अपने सपनों और लक्ष्यों को पाने के लिए मिलकर प्रयास करें और प्यार व आपसी समझ के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं. एक-दूसरे की कमियों को स्वीकार करते हुए और एक-दूसरे की खूबियों से सीखते हुए, आप एक आदर्श जीवनसाथी बनें.'
पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने जोड़ा, 'एक बार फिर, मैं आप दोनों को एक लंबे, खुशहाल और सुंदर वैवाहिक जीवन के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं.'
प्रधानमंत्री के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए राजेश नायक जिन्होंने निमंत्रण भेजा था उन्होंने कहा, 'मैंने यह वीडियो एक बहुत ही खास पल को साझा करने के लिए पोस्ट किया है. हमारी शादी 13 अप्रैल को हुई थी.' राजेश नायक ने कहा, 'मैंने कुछ हफ्ते पहले प्रधानमंत्री को शादी का निमंत्रण भेजा था. मुझे जवाब की उम्मीद थी, हालांकि मुझे बहुत ज्यादा उम्मीदें नहीं थीं. अब मुझे प्रधानमंत्री से शुभकामनाओं भरा एक पत्र मिला है, जो मेरे लिए बेहद खास है.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि वे सचमुच मेरा निमंत्रण पढ़ेंगे. यह दर्शाता है कि वे आम नागरिकों के प्रति कितने संवेदनशील हैं. अपनी, अपनी पत्नी, अपने माता-पिता और पूरे गांव की ओर से मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं. यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात है.'