बेंगलुरु: बेंगलुरु में अपनी दो छोटी बेटियों की हत्या के आरोपी 40 वर्षीय एसजी इमरान पुलिस के सामने पूछताछ के दौरान भावुक होकर टूट गया. पुलिस के मुताबिक, इमरान ने अगस्त में केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक होटल में अपनी 10 साल की बेटी शेख जोया और 5 साल की बेटी शेख जेहरा की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी थी. इसके बाद उसने खुदकुशी की कोशिश भी की थी.
पुलिस के अनुसार हाल ही में घटना की जांच के तहत होटल के कमरे में क्राइम सीन का पुनर्निर्माण कराया गया. इस दौरान इमरान कथित तौर पर जमीन पर गिर गया और करीब 15 से 20 मिनट तक लगातार रोता रहा. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, वह अपनी बेटियों की मौत को लेकर बेहद भावुक हो गया था. अधिकारियों ने उसे रोकने या शांत कराने की कोशिश नहीं की और उसे अपनी भावनाएं व्यक्त करने दीं.
जांच में पुलिस को इमरान और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद की जानकारी मिली है. पुलिस के मुताबिक, इमरान ने पूछताछ में दावा किया कि करीब 15 महीने पहले उसकी पत्नी को नई नौकरी मिलने के बाद उनके वैवाहिक रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा था.
इमरान ने कथित तौर पर पत्नी के मोबाइल में एक पुरुष सहकर्मी के साथ WhatsApp चैट देखी थी. इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे. पुलिस के अनुसार, हत्या से करीब दो महीने पहले दोनों अलग हो गए थे. बेटियों की देखभाल को लेकर भी दोनों के बीच व्यवस्था तय की गई थी.
पुलिस के मुताबिक एक अनौपचारिक व्यवस्था के तहत दोनों बच्चियां सप्ताह के दिनों में अपनी मां के साथ रहती थीं और सप्ताहांत में इमरान के पास आती थीं. इसी बीच बेटियों की कस्टडी और उनके भविष्य को लेकर भी विवाद बना हुआ था.
पुलिस ने होटल के कमरे से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद किया है. जांच अधिकारियों के मुताबिक, नोट में इमरान ने पत्नी पर कथित बेवफाई का आरोप लगाने के साथ वैवाहिक विवाद और बेटियों की कस्टडी से जुड़े मुद्दों का जिक्र किया था.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान इमरान ने दोनों बच्चियों की हत्या की बात स्वीकार की है. उसने कथित तौर पर अधिकारियों से कहा कि वह अपनी बेटियों से प्यार करता था और उनके भविष्य को लेकर चिंतित था. हालांकि, पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों और आरोपी के बयानों की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक इमरान ने 10 अगस्त को दोनों बच्चियों की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या की. इसके बाद उसने अपना गला काटकर खुदकुशी करने की कोशिश की. उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब दो सप्ताह के इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ. पुलिस ने बताया कि इमरान के व्यवहार में कभी-कभी मूड स्विंग की समस्या देखी गई है.