कर्नाटक के धारवाड़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. चिरायु अस्पताल में कार्यरत 45 वर्षीय एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ. किरण होननवर की उनके अपार्टमेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई. वहीं उनका आठ साल का बेटा चाकू के घावों के साथ घायल अवस्था में मिला.
घायल बच्चे को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने डॉक्टर की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. हालांकि अभी तक उनकी किसी भी प्रकार की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
जानकारी के अनुसार, डॉ. किरण से पूरे दिन संपर्क नहीं हो पाने पर उनके रिश्तेदारों को चिंता हुई. उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका. बताया गया कि पत्नी ने पहले कहा कि वह आराम कर रहे हैं और बाद में बताया कि वह बाहर गए हैं. जब देर शाम तक भी कोई जवाब नहीं मिला तो परिजन अपार्टमेंट पहुंचे. वहां उन्होंने डॉक्टर को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया, जबकि बच्चा दूसरे कमरे में घायल मिला. पुलिस के पहुंचने तक बच्चे की सांसें चल रही थीं. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है.
हुबली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के जबरन घर में घुसने के संकेत नहीं मिले हैं. जिस अपार्टमेंट में घटना हुई, वह अत्यधिक सुरक्षित आवासीय परिसर माना जाता है. पुलिस का कहना है कि घटना के समय घर के भीतर केवल पति, पत्नी और उनका बेटा मौजूद थे. जांच अधिकारियों के अनुसार, डॉ. किरण का शव एक कमरे में मिला, जबकि घायल बच्चा दूसरे कमरे में पाया गया. फिलहाल पुलिस घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी हुई है.
पुलिस का कहना है कि डॉ. प्रियंका मानसिक रूप से सदमे में हैं और पूछताछ के दौरान असंगत बातें कर रही हैं. उनके बयानों की जांच की जा रही है. साथ ही दोनों परिवारों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके. जांच के तहत अपार्टमेंट परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे.