सिलिकॉन वैली कहे जाने वाले बेंगलुरु शहर से एक बेहद ही चौंकाने वाला और डराने वाला रोड रेज का मामला सामने आया है. यहां एक महिला को सिर्फ इसलिए सड़क पर बंधक जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा क्योंकि उसने बीच रास्ते में खड़ी कार को हटाने के लिए हॉर्न बजा दिया था. यह घटना केवल बहस तक ही सीमित नहीं रही बल्कि आरोपियों ने बीच-बचाव करने आए महिला के पति को जमीन पर पटक कर बुरी तरह पीट दिया. पीड़ित महिला बेंगलुरु के पूर्व डिप्टी मेयर और भाजपा नेता की बहू बताई जा रही हैं.
पीड़ित महिला रचना बेंगलुरु ग्रामीण के हेसरघट्टा ग्रासलैंड इलाके में स्थित अपने फार्महाउस से अपनी रेंज रोवर गाड़ी से वापस लौट रही थीं. वे वहां अपने पति भरत को दोपहर का खाना देकर आ रही थीं. तभी रास्ते में उन्हें एक अर्टिगा गाड़ी सड़क के बिल्कुल बीचों-बीच खड़ी मिली जिसका दरवाजा भी खुला हुआ था. जब रचना ने रास्ता मांगने के लिए हॉर्न बजाया तो गाड़ी के पास मौजूद दो युवकों में से एक उनके पास आया और जबरन खिड़की नीचे करवाकर उनकी तस्वीरें खींचने लगा.
इस अजीब हरकत से रचना बेहद घबरा गईं और उन्होंने तुरंत फोन करके अपने पति भरत को मौके पर बुला लिया. जब आरोपियों ने रचना को फोन पर कन्नड़ भाषा में बात करते हुए सुना तो वे और आक्रामक हो गए. उन्होंने स्थानीय भाषा का हवाला देते हुए बेहद ही आपत्तिजनक लहजे में रचना को धमकी दी कि तुम कन्नड़ बोलने वाली हो? ठीक है तुम आगे आओ मैं तुम्हें देख लूंगा. इसके बाद आरोपियों ने अपनी गाड़ी वहां से आगे बढ़ा ली और रचना भी आगे निकल गईं.
आरोपियों की बदमाशी यहीं खत्म नहीं हुई. जब रचना महज 500 मीटर आगे पहुंची थीं तभी उन लोगों ने अपनी अर्टिगा कार से उनकी रेंज रोवर को दोबारा ओवरटेक करके रुकवा दिया. दोनों आरोपी तुरंत गाड़ी से नीचे उतरे और रचना की कार को दोनों तरफ से घेर लिया. उनमें से एक युवक ने कार के शीशे पर हाथ मारते हुए चिल्लाकर धमकी दी कि अगर उन्होंने तुरंत गाड़ी की खिड़की का कांच नीचे नहीं किया तो वह उसे पत्थर से तोड़ देगा.
इसी बीच रचना के पति भरत भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने जब आरोपियों को समझाने का प्रयास किया और रचना की खींची गई तस्वीरों को मोबाइल से डिलीट करने को कहा तो दोनों आरोपी उन पर टूट पड़े. आरोपियों ने भरत को बीच सड़क पर जमीन पर गिरा दिया और उनके साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी. शिकायत के अनुसार एक आरोपी ने पास में पड़ा एक भारी पत्थर उठा लिया और उससे भरत के सिर पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की.
गनीमत यह रही कि उसी समय भरत के रिश्तेदार प्रकाश और लक्ष्मीकांत भी वहां से गुजर रहे थे. उन्होंने तुरंत बीच-बचाव कर भरत को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया. रचना ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दोनों आरोपी पूरी तरह शराब के नशे में धुत थे और लगातार बेहद अश्लील भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की तो आरोपियों की पहचान महेश और गोविंदराजू के रूप में हुई है, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है.