menu-icon
India Daily

बेंगलुरु में जिम ट्रेनर को 6 लोगों ने किया लहूलुहान, वॉट्सऐप ग्रुप पर हुई तीखी बहस बनी वजह, सामने आया CCTV फुटेज

बेंगलुरु के संजयनगर इलाके में जिम के WhatsApp ग्रुप में हुई बहस हिंसक झगड़े में बदल गई. डिग्री छात्र और पार्ट टाइम जिम ट्रेनर अंश ठाकुर पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
बेंगलुरु में जिम ट्रेनर को 6 लोगों ने किया लहूलुहान, वॉट्सऐप ग्रुप पर हुई तीखी बहस बनी वजह, सामने आया CCTV फुटेज
Courtesy: Instagram

बेंगलुरु के संजयनगर इलाके में एक मामूली ऑनलाइन बहस ने हिंसक रूप ले लिया है. जिम के व्हाट्सप्प ग्रुप में शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर हमला कर दिया गया. इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पीड़ित युवक की पहचान अंश ठाकुर के रूप में हुई है. अंश एक डिग्री छात्र है और पार्ट टाइम जिम ट्रेनर के तौर पर भी काम करता है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और सोशल मीडिया पर वारदात का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

पुलिस के मुताबिक, अंश ठाकुर ने साल 2023 में एक निजी जिम ट्रेनर से ट्रेनिंग ली थी. हालांकि पिछले करीब 6 महीनों से दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं था. 18 मई को जिम के व्हाट्सप्प ग्रुप में बॉडीबिल्डिंग और ट्रेनिंग से जुड़ी चर्चाओं के दौरान बहस शुरू हुई. इसी दौरान अंश ने इलियाज के खिलाफ कुछ अपमानजनक टिप्पणियां कर दीं. बताया जा रहा है कि ग्रुप में मौजूद दूसरे ट्रेनी Matan ने इन टिप्पणियों पर नाराजगी जताई. आरोप है कि उसने अंश को ट्रेनर के खिलाफ बोलने पर धमकी भी दी थी.

घर के बाहर बुलाकर किया हमला

पुलिस के अनुसार, अगले दिन यानी 19 मई को मतन और उसके कुछ साथी दो दोपहिया वाहनों पर सवार होकर अंश ठाकुर के घर के पास पहुंचे. उन्होंने पहले अंश को बातचीत के बहाने बाहर बुलाया और फिर उस पर हमला कर दिया. यह पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो में कुछ युवक अंश पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं. एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसे किसी मोबाइल फोन या हैंडहेल्ड डिवाइस से रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है.

CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान

घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल बन गया. स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. Bengaluru City Police ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की और मामले में कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने बताया कि सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है. मामले में आगे की जांच भी की जा रही है.