नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि यानी EPF अकाउंट होल्डर्स के लिए जल्द ही एक बड़ी खुशखबरी आ सकती है. अब पीएफ का पैसा निकालने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा क्योंकि कर्मचारी EPFO एक नया सिस्टम लाने की तैयारी कर रहा है.
इस नए सिस्टम के जरिए आप Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे यूपीआई ऐप्स की मदद से सीधे अपने बैंक खाते में पीएफ का पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे. इस कदम से पैसा निकालने का प्रोसेस बेहद आसान हो जाएगा और इमरजेंसी के समय लोगों को तुरंत मदद मिल सकेगी.
PF के अभी के नियमों के अनुसार कर्मचारियों को ईपीएफओ पोर्टल पर जाकर क्लेम करना पड़ता है और बैंक खाते में पैसा आने में कई दिनों का समय लग जाता है. लेकिन आने वाले समय में यह पूरा काम महज तीन आसान स्टेप्स में हो जाएगा.
1. लॉगिन और केवाईसी- सबसे पहले यूजर्स को अपने UAN नंबर और पासवर्ड के जरिए ईपीएफओ पोर्टल या UMANG ऐप पर लॉगिन करना होगा. यहां आपको यह चेक करना होगा कि आपकी केवाईसी जैसे PAN, बैंक अकाउंट और अन्य जरूरी जानकारियां सही-सही अपडेट हैं या नहीं. इसके बाद आपको अपना यूपीआई आईडी अपने पीएफ अकाउंट से लिंक करने का ऑप्शन मिल सकता है.
2. अमाउंट और यूपीआई का चयन- दूसरे स्टेप में आपको पैसा निकालने वाले सेक्शन में जाकर वह रकम भरनी होगी जिसे आप निकालना चाहते हैं. इसके बाद अपना लिंक किया हुआ यूपीआई आईडी डालकर ओटीपी या अन्य सिक्योरिटी वेरिफिकेशन को पूरा करना होगा.
3. इंस्टेंट ट्रांसफर- वेरिफिकेशन और मंजूरी मिलते ही पीएफ का पैसा सीधे उस बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएगा जो आपके यूपीआई ऐप से लिंक्ड है.
इस नए फीचर की सबसे खास बात यह होगी कि यूजर्स क्लेम करने से पहले ही यह देख सकेंगे कि वे कितना पैसा निकालने के हकदार हैं.
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आपका मोबाइल नंबर आपके यूएएन UAN से लिंक होना जरूरी है. साथ ही आपका पैन और बैंक डिटेल्स पूरी तरह अपडेट होनी चाहिए. सबसे जरूरी बात यह है कि आपका यूपीआई आईडी उसी बैंक अकाउंट से जुड़ा होना चाहिए जो ईपीएफओ में रजिस्टर्ड है. अगर जानकारियां गलत हुईं तो आपका क्लेम अटक सकता है.