Bengaluru News: शुक्रवार की देर रात बेंगलुरु के बाहरी इलाके से एक सनसनीखेज खबर सामने आई. यहां एक 26 साल के व्यक्ति को पुलिस ने उस समय गिरफ्तार किया, जब वह अपनी पत्नी का कटा हुआ सिर स्कूटर के फुटबोर्ड पर रखकर फरार होने की कोशिश कर रहा था. यह घटना अनेकल तालुक के हीलालिगे गांव में चंदपुरा-अनेकल रोड के पास रात करीब 11:30 बजे हुई.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान शंकर के रूप में हुई है. वह अपनी पत्नी मानसा (26) के साथ हीलालिगे में किराए के मकान में रहता था. दंपति की शादी को पांच साल से अधिक समय हो चुका था और उनकी तीन साल की एक बेटी भी थी. शंकर कोरमंगला में और मानसा बोम्मासंद्रा में निजी कंपनियों में काम करते थे.
शादी के बाद से तनाव में थे शख्स
जांच में पता चला कि शंकर को अपनी पत्नी मानसा पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का शक था. इस संदेह ने उनके रिश्ते में तनाव पैदा कर दिया था. हाल के दिनों में दोनों के बीच झगड़े इतने बढ़ गए थे कि मानसा ने कुछ समय के लिए घर छोड़कर पेइंग गेस्ट में रहना शुरू कर दिया था. हालांकि, अपनी बेटी के लिए सुलह की कोशिश में वह वापस घर लौट आई थी.
क्रूर हत्या का खुलासा
शुक्रवार की रात एक बार फिर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. गुस्से में आकर शंकर ने कथित तौर पर घर में ही मानसा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इस हमले में मानसा की मौत हो गई और शंकर ने उसका सिर काटकर स्कूटर पर रख लिया. इसके बाद वह मौके से भागने की कोशिश में था, तभी गश्ती पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
पुलिस कार्रवाई
शनिवार की सुबह शंकर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया और उसे स्थानीय पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां हत्या का मामला दर्ज किया गया. पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस क्रूर घटना के पीछे और क्या कारण हो सकते हैं?