menu-icon
India Daily

धनबाद में दर्दनाक हादसा, एक बच्ची को बचाने गए थे दो बच्चे, तीनों की तालाब में डूबकर मौत

धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड में तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई. एक बच्ची गहरे पानी में डूबने लगी थी. उसे बचाने के लिए दो बच्चे आगे बढे, लेकिन वे भी गहरे पानी में चले गए.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
धनबाद में दर्दनाक हादसा, एक बच्ची को बचाने गए थे दो बच्चे, तीनों की तालाब में डूबकर मौत
Courtesy: Pinterest

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. रंगलीटांड में तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल है. 

बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान एक बच्ची अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी. उसे बचाने के लिए दोनों बच्चे आगे बढे, लेकिन वे भी गहरे पानी में चले गए और तीनों की डूबने से मौत हो गई.

नहाने के दौरान गहरे पानी में गई बच्ची

जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे शुक्रवार को पास के तालाब में नहाने के लिए गए थे. परिजनों ने बताया कि बच्चे पहले भी इसी तालाब में नहाने जाते थे. नहाने के दौरान अचानक एक बच्ची गहरे पानी में चली गई. वह खुद को बचाने के लिए संघर्ष करने लगी.

बच्ची को डूबता देखकर उसके साथ मौजूद दोनों बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की. दोनों बच्चे उसकी तरफ बढे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके. देखते ही देखते वे भी गहरे पानी में चले गए. कुछ ही देर में तीनों बच्चे तालाब में डूब गए.

स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू

घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल तालाब में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया.

इसके बाद उन्हें आनन-फानन में धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी SNMMCH ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने तीनों बच्चों की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

तीन बच्चों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इलाके में भी मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोग इस हादसे से बेहद दुखी हैं.

परिजन विशाल कुमार ने बताया कि तीनों बच्चे अक्सर इसी तालाब में नहाने जाते थे. शुक्रवार को भी वे नहाने के लिए तालाब पहुंचे थे. इसी दौरान एक बच्ची गहरे पानी में चली गई. उसे बचाने की कोशिश में बाकी दोनों बच्चे भी पानी में डूब गए.

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद तोपचांची थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. एक साथ तीन बच्चों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

यह हादसा एक बार फिर बच्चों के तालाब और गहरे पानी में जाने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है. परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर गहरा दुख है.