रांची: झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्रों का आंदोलन अब राज्यव्यापी रूप लेने जा रहा है. देवेंद्र महतो ने सोमवार सुबह 11 बजे से ‘भर्ती सुधार यात्रा’ शुरू करने का ऐलान किया है. यात्रा के जरिए JPSC और JSSC की भर्ती व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता की मांग उठाई जाएगी.
देवेंद्र महतो के अनुसार झारखंड के युवा लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार, पेपर लीक और अनियमितताओं से परेशान हैं. उनका कहना है कि इसका सबसे ज्यादा नुकसान उन युवाओं को उठाना पड़ रहा है, जो सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए वर्षों से मेहनत कर रहे हैं.
बताया गया है कि छात्र पिछले करीब एक महीने से 'भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान' चला रहे हैं. अब इसी अभियान को राज्य के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने के लिए 'भर्ती सुधार यात्रा' निकाली जा रही है. यात्रा के दौरान छात्रों को एकजुट कर भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाने की मांग उठाई जाएगी.
सोमवार सुबह 11 बजे शुरू होने वाली यात्रा को राज्य के सभी जिलों तक ले जाने की योजना है. आंदोलन से जुड़े लोगों का दावा है कि युवाओं में इस अभियान को लेकर काफी उत्साह है. छात्रों की मांग है कि भर्ती परीक्षाओं में किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए और परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाई जानी चाहिए.
वहीं, भर्ती सुधार यात्रा के साथ ही JPSC से जुड़े एक मामले पर भी आज अहम सुनवाई होनी है. JPSC कंबाइंड सिविल सर्विसेज PT परीक्षा 2025 में कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है. इसी PIL पर सोमवार को सुनवाई होनी है.
ऐसे में सोमवार का दिन झारखंड के भर्ती परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एक ओर युवा सड़कों पर उतरकर भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग करेंगे, वहीं दूसरी ओर सुप्रीम कोर्ट में JPSC परीक्षा से जुड़ी याचिका पर सुनवाई होगी.