हरियाणा के गुरुग्राम से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. गुरुग्राम के एम्बिएंस मॉल परिसर स्थित कटरीना अपार्टमेंट के गोल्फ कोर्स तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. हादसे बाद पीड़ित परिवारों में मातम छा गया. वहीं इस हादसे को लेकर अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था और गार्ड्स की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम नाथूपुर इलाके में रहने वाले चार बच्चे भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए अपार्टमेंट परिसर में बने गोल्फ कोर्स तालाब में नहाने पहुंच गए. बच्चे सिक्योरिटी को पार करते हुए तालाब में उतर गए और उनमें से दो बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
जब बच्चे पानी में डूबने लगे तो अन्य दो बच्चों ने उन्हें बचाने की कोशिश की. इसी दौरान 12 साल के अंकुश ने साहस दिखाते हुए 8 साल के एक बच्चे को हाथ पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया, हालांकि बाकी दो बच्चों को नहीं बचाया जा सका. मृतकों की उम्र 10 और 11 साल बताई जा रही है.
पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया है कि जब बच्चे मदद के लिए सुरक्षा गार्ड के पास पहुंचे तो उसने कोई सहायता नहीं की. पीड़ित पिता सुरेश कुमार ने बताया कि उनका बेटा अंकुश और अन्य बच्चे रोते हुए गार्ड के पास पहुंचा और कहा कि कुछ बच्चे तालाब में डूब रहे हैं लेकिन गार्ड ने मदद करने से इनकार कर दिया.
परिजनों ने कहा कि अगर गार्ड समय रहते हिम्मत दिखाता तो दोनों बच्चों को बचाया जा सकता था. आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने तब कार्रवाई की जब दोनों बच्चे पानी के भीतर दम तोड़ चुके थे. इस घटना को लेकर इलाके में गुस्से और दुख का का माहौल है.
घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें घंटों तक पुलिस थाने और मॉल की पार्किंग में बैठाए रखा गया और बच्चों के शव तक देखने नहीं दिए. इस हादसे के बाद गोल्फ कोर्स के भीतर बने गहरे तालाबों की सुरक्षा व्यवस्था और वैधता पर भी सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.