पंचकूला: पंचकूला के सेक्टर 11 स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में रखे एक लॉकर से करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने के गहने गायब होने का मामला सामने आया है. यह गहने सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी सुल्तान सिंह की पत्नी के बताए जा रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि गहने करीब छह साल पहले लॉकर में मौजूद थे, लेकिन अब लॉकर खोलने पर वहां से गायब मिले. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
सुल्तान सिंह और उनकी पत्नी सुनीता देवी का वर्ष 1993 से पीएनबी की सेक्टर 11 शाखा में लॉकर था. शिकायत के अनुसार, इस लॉकर में उनकी पत्नी के सोने के आभूषण रखे हुए थे. इनमें 10 तोले, 8 तोले और 6 तोले के तीन गोल्ड सेट ईयर रिंग्स के साथ शामिल थे. इसके अलावा 6 तोले का एक अन्य गोल्ड सेट, करीब डेढ़ तोले की जेंट्स रिंग और 3 तोले का एक और गोल्ड सेट भी लॉकर में रखा गया था.
शिकायतकर्ता के मुताबिक वर्ष 2019 में उनकी पत्नी ने चार बार लॉकर संचालित किया था. उस समय लॉकर में सभी आभूषण मौजूद थे. इसके बाद करीब छह साल तक उन्होंने या उनकी पत्नी ने लॉकर नहीं खोला. हाल में जब लॉकर खोला गया तो उसमें रखे लाखों रुपये के सोने के गहने गायब मिले.
सुल्तान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई है कि वर्ष 2019 के बाद किसी समय उनकी जानकारी और अनुमति के बिना लॉकर तक पहुंच बनाई गई और आभूषण निकाल लिए गए. उन्होंने बैंक कर्मचारियों या लॉकर तक पहुंच रखने वाले किसी अन्य व्यक्ति पर संदेह जताया है.
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान लॉकर संचालन से जुड़े रिकॉर्ड, बैंक की सुरक्षा व्यवस्था, लॉकर तक पहुंच रखने वाले लोगों और अन्य जरूरी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतने लंबे समय के दौरान लॉकर तक किसी अनधिकृत व्यक्ति की पहुंच कैसे हुई.
यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि बैंक लॉकर को लोग अपने कीमती सामान की सुरक्षित जगह मानते हैं. करीब छह साल बाद 50 लाख रुपये के गहने गायब मिलने से बैंक लॉकर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं.