पलवल: हरियाणा के पलवल में मंगलवार सुबह KMP एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया. हादसे में पिकअप में सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 16 लोग घायल हुए हैं. घायलों का इलाज जिला नागरिक अस्पताल में कराया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के गांवों से करीब 21 लोग रक्षाबंधन के मौके पर धार्मिक यात्रा के लिए निकले थे.
सभी लोग पिकअप वाहन से राजस्थान के खाटू श्याम और बालाजी के दर्शन करने गए थे. दर्शन के बाद श्रद्धालु सोमवार शाम राजस्थान से मथुरा के वृंदावन जाने के लिए रवाना हुए थे. उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ घंटों बाद यह सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल जाएगा.
मंगलवार सुबह पिकअप जैसे ही पलवल सीमा में KMP एक्सप्रेसवे पर पहुंची. वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को बाहर निकाला और जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद इलाज के दौरान सुधा नाम की महिला की भी मौत हो गई.
हादसे में विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी और महेश की मौत हुई. इसके अलावा घायल सुधा ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है.
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. वहीं पिकअप चालक सुधीर के भी फरार होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.