menu-icon
India Daily

पानीपत में कपड़ों के चोरी के शक पर महिलाओं में जोरदार मारपीट, बच्चों को भी लगी चोट; जानें क्या है पूरा मामला

हरियाणा में एक अजीब मामला देखने को मिला. जिसमें कपड़ा चोरी को लेकर दो महिला गुट में विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों के बीच मामला इतना तूल पकड़ लिया कि दोनों एक दूसरे पर हमला करने लगे.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पानीपत में कपड़ों के चोरी के शक पर महिलाओं में जोरदार मारपीट, बच्चों को भी लगी चोट; जानें क्या है पूरा मामला
Courtesy: Grok AI

हरियाणा के पानीपत शहर के पॉश मॉडल टाउन इलाके में शनिवार शाम एक छोटे से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. किराए के क्वार्टरों में रहने वाली महिलाओं के दो गुट आपस में भिड़ गए. मामला महज कुछ गायब कपड़ों का था, लेकिन यह देखते ही देखते बाल खींचने, घसीटने और मारपीट की घटना में बदल गया. 

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की रहने वाली राजरजनी पानीपत में कोठियों में सफाई का काम करती हैं. उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 4 बजे उनके कमरे से कुछ कपड़े गायब हो गए. परेशान राजरजनी इधर-उधर कपड़े ढूंढ रही थीं और जोर-जोर से बड़बड़ा रही थीं. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली कुछ महिलाओं को लगा कि राजरजनी उन पर चोरी का आरोप लगा रही हैं.

क्या है पूरा मामला?

राजरजनी का कहना है कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था, फिर भी चार महिलाओं ने उन पर हमला बोल दिया. देखते ही देखते बहस तेज होते ही गाली-गलौज शुरू हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि चारों महिलाओं ने मिलकर राजरजनी को दबोच लिया, उनके बाल पकड़े और उन्हें घसीटते हुए गली में ले आईं.

वहां उनकी जमकर पिटाई की गई. राजरजनी के बाल नोचे गए और उन्हें बुरी तरह मारा गया. जब राजरजनी की बेटी अपनी मां को बचाने के लिए पहुंची, तो आरोपी महिलाओं के समूह ने उसे भी घेर लिया. हैरान करने वाली बात यह है कि इस झगड़े में आरोपी पक्ष की महिलाओं के छोटे बच्चे भी शामिल हो गए और उन्होंने भी मां-बेटी पर हमला किया.

पुलिस ने दी मामले की जानकारी 

घायल राजरजनी और उनकी बेटी ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी. हालांकि, शाम तक कॉलोनी के बुजुर्गों और अन्य स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई औपचारिक FIR दर्ज करने की पुष्टि नहीं की है. पानीपत पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण आगे की कार्रवाई पर फिलहाल विचार नहीं किया जा रहा है. लेकिन अगर कोई पक्ष फिर से शिकायत करता है तो कानूनी कार्रवाई जरूर की जाएगी. इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा जारी है.