Mallika Sherawat Birthday: बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत अपनी बोल्ड अदाओं और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं. लेकिन उनकी जिंदगी की कहानी सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है. फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाना उनके लिए कभी आसान नहीं था. उनके परिवार ने इस फैसले में उनका साथ नहीं दिया. सिर्फ यही नहीं उन्होंने अपना नाम तक बदलने का फैसला किया. आज मल्लिका शेरावत का जन्मदिन है. आज उनके जन्मदिन के मौके पर देखते हैं कि आखिर रीमा लांबा से वह मल्लिका शेरावत कैसे बनीं.
मल्लिका शेरावत का जन्म हरियाणा में 24 अक्टूबर 1976 को हुआ था. उनका असली नाम रीमा लांबा है. अभिनेत्री ने साल 2021 में एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि उनके पिता नहीं चाहते थे कि वह फिल्मों में काम करें. उन्हें डर था कि फिल्म इंडस्ट्री में जाने से परिवार की प्रतिष्ठा पर असर पड़ेगा. मल्लिका के मुताबिक, इस वजह से उनके पिता ने उन्हें परिवार से अलग करने तक की बात कही थी.
यह मल्लिका के लिए जिंदगी का अहम मोड़ बन गई. उन्होंने फैसला किया कि वह अपने पिता का सरनेम इस्तेमाल नहीं करेंगी. इसके बजाय उन्होंने अपनी मां के नाम को अपनी पहचान का हिस्सा बनाया. इस तरह उनका नाम मल्लिका शेरावत हो गया.
एक इंटरव्यू में मल्लिका ने बताया था कि उस समय फिल्म इंडस्ट्री में रीमा नाम की कई अभिनेत्रियां थीं. वह ऐसा नाम चाहती थीं, जिससे उनकी अलग पहचान बन सके. उन्हें मल्लिका नाम पसंद आया, जिसका अर्थ महारानी होता है. वहीं, शेरावत उनकी मां का सरनेम था.
मल्लिका के लिए यह बदलाव सिर्फ नाम बदलने तक सीमित नहीं था. उनकी मां मुश्किल समय में चुपचाप उनका साथ देती थीं और उनके फैसलों का समर्थन करती थीं. मां का सरनेम अपनाकर उन्होंने उन्हें सम्मान देने के साथ अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की.
मल्लिका ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2002 में फिल्म जीना सिर्फ मेरे लिए से की थी. इसके बाद 2003 में आई फिल्म ख्वाहिश में वह मुख्य भूमिका में नजर आईं. हालांकि, साल 2004 में रिलीज हुई फिल्म मर्डर ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बना दिया. इमरान हाशमी के साथ उनकी जोड़ी और फिल्म में उनके बोल्ड किरदार की खूब चर्चा हुई. इसके साथ ही उन्हें आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा.
मल्लिका ने हिंदी फिल्मों के अलावा इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स में भी काम किया. वह जैकी चैन के साथ फिल्म द मिथ में नजर आईं. इसके अलावा प्यार के साइड इफेक्ट्स, वेलकम और डबल धमाल जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अभिनय किया.
मल्लिका का फिल्मी सफर काफी ज्यादा उतार-चढ़ाव से भरा रहा है, लेकिन वो कभी पीछे नहीं हटीं। उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी कहानी दिखाती है कि अपने सपनों को पूरा करने के लिए कई बार सामाजिक सोच और पारिवारिक विरोध का सामना भी करना पड़ता है.