menu-icon
India Daily

आनंद विहार स्टेशन पर दिवाली-छठ की भीड़ से मिलेगी राहत! रेलवे ने बनाया खास प्लान

दिवाली और छठ पूजा के दौरान आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
आनंद विहार स्टेशन पर दिवाली-छठ की भीड़ से मिलेगी राहत! रेलवे ने बनाया खास प्लान
Courtesy: Pinterest

Diwali Special Trains: दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को अक्सर भारी भीड़ और लंबी कतारों का सामना करना पड़ता है. दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर भी हर साल त्योहारों के आसपास यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है. इस बार भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए रेलवे ने नई योजना तैयार की है. इसका उद्देश्य यात्रियों की आवाजाही आसान बनाना और स्टेशन के प्रवेश द्वारों पर होने वाली धक्कामुक्की को कम करना है.

जनरल और रिजर्व टिकट वालों के लिए अलग रास्ते

आनंद विहार स्टेशन पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए प्रवेश व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अनारक्षित यानी जनरल टिकट वाले यात्रियों को नए यात्री सुविधा शिविर के रास्ते स्टेशन में प्रवेश दिया जाएगा. वहीं, आरक्षित टिकट वाले यात्री स्टेशन की मुख्य इमारत के सामने बने पारंपरिक प्रवेश द्वार का इस्तेमाल कर सकेंगे.

4,000 यात्रियों के लिए बनेगा सुविधा शिविर

स्टेशन परिसर में करीब 4,000 यात्रियों की क्षमता वाला विशाल यात्री सुविधा शिविर तैयार किया जा रहा है. भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर 7,000 से 8,000 यात्रियों तक करने की योजना है. शिविर में बैठने की जगह, पीने का साफ पानी, शौचालय, अतिरिक्त टिकट काउंटर और खानपान के लिए फूड कियोस्क उपलब्ध होंगे. 

फुट ओवरब्रिज और एस्केलेटर से आसान होगा सफर

यात्रियों की आवाजाही बेहतर करने के लिए स्टेशन के आसपास के ढांचे में भी बदलाव हो रहा है. फिलहाल यहां दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) का फुट ओवरब्रिज मौजूद है. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक नया फुट ओवरब्रिज भी तैयार किया जा रहा है, ताकि भीड़ को अलग-अलग रास्तों पर बांटा जा सके. इसके अलावा, स्टेशन की इमारत से बाहर निकलने के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए एस्केलेटर की सुविधा दी जाएगी.

दिवाली पर कई आरक्षण काउंटर रहेंगे बंद

दिवाली के दिन दिल्ली-एनसीआर के कई रेलवे आरक्षण काउंटर पूरी तरह या कुछ समय के लिए बंद रहेंगे. संसद भवन, प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, रेलवे बोर्ड, सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के काउंटर बंद रहेंगे. वहीं, सरोजिनी नगर, कीर्ति नगर, शकूर बस्ती, दिल्ली शाहदरा, गाजियाबाद, कड़कड़डूमा, ओखला, नोएडा, तुगलकाबाद, सब्जी मंडी, आदर्श नगर, लाजपत नगर, रोहिणी, एम्स और इंटरनेशनल टूरिस्ट ब्यूरो के काउंटर दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक बंद रहेंगे. यात्रियों को टिकट संबंधी काम के लिए समय का ध्यान रखना होगा.