menu-icon
India Daily

होली पर हिस्ट्रीशीटर ने घर के बाहर खड़ी पत्नी को मारी 8 गोलियां, हरियाणा में दिल दहला देने वाली वारदात

यह घटना बिरधाना गांव की है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था. पत्नी को गोलियों से भूनकर आरोपी मौके से फरार हो गया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
होली पर हिस्ट्रीशीटर ने घर के बाहर खड़ी पत्नी को मारी 8 गोलियां, हरियाणा में दिल दहला देने वाली वारदात
Courtesy: @Abhishek__ch

हरियाणा के झज्जर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक हिस्ट्रीशीटर ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी ने घर के बाहर ही पत्नी पर एक के बाद एक आठ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गया.

मिली जानकारी के अनुसार, घटना बिरधाना गांव की है. आरोपी की पहचान संजय के रूप में हुई है, जो पहले से ही कई आपराधिक मामलों में नामजद बताया जा रहा है. उसकी पत्नी अंजलि की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठा.

पहले से दर्ज हैं तीन आपराधिक मामले

पुलिस के मुताबिक, संजय के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं. इनमें से एक मामला हत्या का भी है. अब पत्नी की हत्या के बाद उस पर दूसरी बार हत्या का केस दर्ज किया गया है. सहायक पुलिस आयुक्त अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार को हुई इस वारदात के बाद तुरंत नया मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.

 सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके. पुलिस की सीआईए और स्पेशल स्टाफ की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक आरोपी पकड़ा नहीं जा सका है.

हर एंगल से जांच

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है, लेकिन अन्य कारणों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा. इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. स्थानीय लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.