menu-icon
India Daily

पति ने प्रेस से छाती पर किया वार..फिर गला घोंट कर ले ली जान, हिसार में शिक्षिका की बेरहमी से हत्या

हिसार के सेक्टर-13 में एक शिक्षिका की कथित तौर पर उसके पति ने हत्या कर दी. आरोप है कि पति ने पहले प्रेस से हमला किया और फिर गला दबाकर जान ले ली. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पति ने प्रेस से छाती पर किया वार..फिर गला घोंट कर ले ली जान, हिसार में शिक्षिका की बेरहमी से हत्या
Courtesy: Pinterest

हिसार: हरियाणा के हिसार के सेक्टर-13 से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका सोनिया की कथित तौर पर उसके पति ने हत्या कर दी. आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान पति ने पहले कपड़े प्रेस करने वाली इस्त्री से उसकी छाती पर हमला किया और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली. वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया.

मृतका की पहचान संत नगर निवासी सोनिया के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक उसकी शादी करीब आठ साल पहले सेक्टर-13 निवासी सौरभ से हुई थी. सौरभ टूर एंड ट्रैवल का काम करता है, जबकि सोनिया एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी. बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया.

क्या है पूरा मामला?

आरोप है कि गुस्से में सौरभ ने घर में रखी कपड़े प्रेस करने वाली इस्त्री से सोनिया की छाती पर वार किया. इसके बाद उसने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने घटनास्थल से इस्त्री बरामद की है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने का शक है.

मृतका के परिजनों ने क्या लगाया आरोप?

आरोपी और उसके परिवार पर मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. सोनिया के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उनकी बहन को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. उनका आरोप है कि सौरभ और उसके परिवार के सदस्य सोनिया को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे.

सोनिया की बड़ी बहन शालू ने दावा किया कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही उसे प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी. उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने पहले भी सोनिया का गला दबाने की कोशिश की गई थी, जिसको लेकर पंचायत भी हुई थी. इसके बावजूद हालात नहीं बदले.

पुलिस अधिकारियों ने क्या बताया?

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के भाई के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. महिला के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.