menu-icon
India Daily

हरियाणा के मंत्री का पानीपत में भयानक एक्सीडेंट, काफिले में घुसे बेकाबू वाहन; डॉक्टरों की निगरानी में अस्पताल में भर्ती

पानीपत में हरियाणा के मंत्री कृष्ण लाल पंवार का भयानक एक्सीडेंट हो गया है. उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
हरियाणा के मंत्री का पानीपत में भयानक एक्सीडेंट, काफिले में घुसे बेकाबू वाहन; डॉक्टरों की निगरानी में अस्पताल में भर्ती
Courtesy: social media

पानीपत: हरियाणा के पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार का पानीपत में एक्सीडेंट हो गया है. यह घटना GT रोड पर Eldeco के पास उस वक्त हुई जब मंत्री का काफिला पानीपत शहर की तरफ जा रहा था. अचानक हुई इस टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है.  स्थिति को संभालने के लिए आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गई हैं.

जानाकारी के अनुसार लगभग तीन से चार तेज रफ्तार वाहन बेकाबू होकर मंत्री के काफिले में घुस गए. प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो इन वाहनों ने पूरी तरह अपना नियंत्रण खो दिया था. सबी बेकाबू वाहन सीधे पंवार की इनोवा कार से टकरा गए. वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंत्री के वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. 

सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल

हादसे के तुरंत बाद मंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तेजी से क्षतिग्रस्त कार से उन्हें बाहर निकाला और उन्हें तत्काल इलाज के लिए पानीपत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने मंत्री उपचार शुरू कर दिया है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. अधिकारियों ने अभी तक उनकी चोटों के बारे में जानकारी जारी नहीं की है लेकिन सूत्रों की मानें तो उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.

अस्पताल पहुंचे सीनियर ऑफिसर

वहीं जब हादसे की खबर इलाके में फैली तो कई सीनियर ऑफिसर और भाजपा नेता मंत्री का हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंच गए. पानीपत शहर के विधायक प्रमोद विज भी जिला आयुक्त (DC), पुलिस अधीक्षक (SP) और कई भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ घटना के तुरंत बाद अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात था और सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी.

हादसे की जांच में जुटा प्रशासन

इस बीच स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. इस पूरे मामले में अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वाहन बेकाबू कैसे हुए और सुरक्षा व्यवस्था होने के बाद भी वाहन मंत्री के काफिले में कैसे टकरा गए. अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस दुर्घटना के पीछे कोई लापरवाही या सुरक्षा में भी चूक थी.