हरियाणा के फतेहाबाद में टायर फटने से पलट गई इको गाड़ी, दो युवकों की मौत और तीन घायल
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में एक जबरदस्त सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई. वहीं तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए. यह हादसा गाड़ी के टायर फटने के कारण बताया जा रहा है.
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने दो युवकों की जान चली गई. यह मामला जांडली गांव के पास का बताया जा रहा है, जहां तेज रफ्तार इको गाड़ी की टायर फट गई और अनियंत्रित होकर पलट गई. जानकारी के मुताबिक टायर फटने के बाद गाड़ी सड़क किनारे खड़े पेड़ से जोरदार टकरा गई. इस हादसे में दो युवक मौके पर ही मारे गए, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
पंजाब से फतेहाबाद की ओर से आ रही इको गाड़ी भूना क्षेत्र के जांडली गांव के पास पहुंची तो अचानक एक टायर फट गया. तेज गति के कारण चालक वाहन पर काबू नहीं रख पाया और गाड़ी कई बार पलटते हुए सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई.
मदद के लिए पहुंचे स्थानिय लोग
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. वहीं मृतकों की पहचान फतेहाबाद जिले के गांव रहने वाले जग्गा सिंह और पंजाब के संगरूर जिले के गांव गुलाड़ी के रहने वाले आयरन के रूप में की गई है. दोनों युवक शादी समारोहों में वेटर का काम करते थे. घायलों में गाड़ी चालक कुलबीर, साहिल और राहुल शामिल हैं. ये तीनों भी पंजाब के गांव गुलाड़ी के रहने वाले हैं. हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. साहिल और राहुल की हालत गंभीर बताई जा रही है, इसलिए उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.
मामले की जांच शुरू
जानकारी के अनुसार सभी पांच युवक पंजाब से फतेहाबाद आ रहे थे. वे यहां शादी समारोहों में वेटर के रूप में काम करने वाले थे. हादसा इतना अचानक हुआ कि युवकों को कुछ समझ नहीं आया. स्थानीय लोगों ने बताया कि गाड़ी काफी तेज रफ्तार से चल रही थी, जिससे टायर फटने के बाद नियंत्रण खोना आसान हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. घायलों के बयान दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में टायर फटना मुख्य कारण सामने आया है. पुलिस ने गाड़ी की तकनीकी जांच भी कराने का फैसला लिया है.