जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां शादी की तैयारियों के बीच गैस सिलेंडर की कमी से परेशान दुल्हन खुद कलेक्ट्रेट पहुंच गई. इस घटना ने प्रशासन को भी चौंका दिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया.
कोंच तहसील के ग्राम चमेड़ की रहने वाली मोहिनी खैमरिया अपनी बेटी नंदिनी के साथ सीधे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं. परिवार का कहना है कि 20 अप्रैल को होने वाली शादी के लिए भोजन की व्यवस्था करनी है, जिसके लिए करीब 17 गैस सिलेंडरों की जरूरत है लेकिन गैस एजेंसी अतिरिक्त सिलेंडर देने से मना कर रही है.
20 अप्रैल को नन्दिनी की शशांक से शादी है. बाजार में गैस नही मिल पा रही है. वह अपने पेरेन्टस के साथ LPG सिलेंडरों की फरियाद लेकर DM के पास पहुंची है. अपनी शादी कार्ड और एप्लीकेशन पेश किया है.
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) April 5, 2026
📍जालौन pic.twitter.com/CW6DZPDEzs
दुल्हन नंदिनी भी अपनी मां के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई. परिवार ने बताया कि शादी जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर मेहमानों के लिए खाना बनाना जरूरी है लेकिन सिलेंडर नहीं मिलने के कारण पूरी व्यवस्था प्रभावित हो रही है.
मोहिनी खैमरिया ने बताया कि वे कोंच स्थित दिवौलिया गैस एजेंसी की उपभोक्ता हैं. कई बार संपर्क करने के बावजूद एजेंसी ने अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध कराने से इंकार कर दिया. इससे परिवार की चिंता बढ़ गई और उन्हें मजबूरी में प्रशासन की शरण लेनी पड़ी.
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने संबंधित खाद्य आपूर्ति अधिकारी को कहा कि नियमों के तहत विशेष परिस्थितियों में शादी के लिए आवश्यक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की संभावना पर विचार किया जाए.
जिलाधिकारी ने परिवार को आश्वासन दिया कि जल्द ही समाधान निकाला जाएगा, ताकि शादी की तैयारियों में कोई बाधा न आए. प्रशासन ने यह भी कहा कि नियमों का पालन करते हुए ही उचित मदद दी जाएगी.
इस घटना ने गैस आपूर्ति की स्थिति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर शादी-ब्याह जैसे आयोजनों के दौरान अतिरिक्त सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में प्रशासन को विशेष व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि सामाजिक आयोजनों में कोई बाधा न आए.