विधानसभा चुनाव 2027 से पहले BJP का महामंथन, कल राष्ट्रीय कार्यालय में नितिन नवीन की अध्यक्षता में होगी बड़ी बैठक
2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं. 29 अक्टूबर को दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 65 प्रभारी और सह-प्रभारी बैठक करेंगे.
नई दिल्ली: 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने की कवायद तेज कर दी है. पार्टी ने 29 अक्टूबर को दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में सभी राज्यों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की बड़ी बैठक बुलाई है. बैठक की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे, जबकि राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष सह-अध्यक्षता करेंगे.
पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक में 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के नवनियुक्त प्रभारी और सह-प्रभारी शामिल होंगे. करीब 65 पदाधिकारियों के इस बैठक में शामिल होने की संभावना है. बीजेपी ने 23 सितंबर को सभी राज्यों के लिए नए प्रभारी नियुक्त किए थे. इसके बाद यह बैठक संगठन के स्तर पर अहम मानी जा रही है.
विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा
बैठक में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर मुख्य रूप से चर्चा होगी. अगले साल उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. पार्टी इन राज्यों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को तेज करने पर मंथन करेगी.
Also Read
UGC, UPI और SIR जैसे मुद्दों पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार बैठक में UGC, UPI और SIR जैसे मुद्दों पर पार्टी का काउंटर नैरेटिव तैयार करने पर भी चर्चा होगी. विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब संगठन के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जा सकती है. खास तौर पर SIR को लेकर चुनाव आयोग की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण को बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा.
पार्टी का क्या है लक्ष्य?
बीजेपी संगठन के विस्तार और बूथ सशक्तीकरण को भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में रख सकती है. पार्टी का लक्ष्य गांव और बूथ स्तर तक संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करना और स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाना है. इसके साथ ही राज्यों में संगठन के सामने मौजूद चुनौतियों और केंद्र तथा राज्य इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय पर भी चर्चा होगी.
बैठक में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' की भी समीक्षा की जाएगी. राज्यों में चल रहे सेवा कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लेने के साथ अभियान को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है.
और क्या है प्लानिंग?
सोशल मीडिया पर गलत सूचना और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए बीजेपी की संचार रणनीति भी बैठक का हिस्सा होगी. पार्टी स्तर पर यह तय किया जा सकता है कि भ्रामक दावों का तेजी से जवाब कैसे दिया जाए और सरकार तथा संगठन के पक्ष को प्रभावी तरीके से जनता तक कैसे पहुंचाया जाए.
कौन-कौन होगा शामिल?
बैठक में यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, महाराष्ट्र प्रभारी बैजयंत जय पांडा, हरियाणा और छत्तीसगढ़ की प्रभारी स्मृति ईरानी, तमिलनाडु और उत्तराखंड के प्रभारी राम माधव सहित सुनील बंसल, बिप्लब देब, हरीश द्विवेदी, सतीश पूनिया, सांसद बांसुरी स्वराज और तरुण चुघ जैसे नेताओं के शामिल होने की संभावना है.
संगठन में हुए कई बदलाव
बीजेपी ने हाल के दिनों में संगठन में कई बदलाव किए हैं. 29 सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत वरिष्ठ नेताओं की बैठक भी हुई थी. ऐसे में 29 अक्टूबर की बैठक को 2027 के चुनावों से पहले संगठनात्मक तैयारियों की दिशा तय करने वाली अहम बैठक माना जा रहा है.
पार्टी सूत्रों का कहना है कि चुनावी राज्यों में संगठन को एकजुट करना, बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करना और प्रमुख मुद्दों पर स्पष्ट राजनीतिक नैरेटिव तैयार करना बीजेपी की प्राथमिकता है. इन तैयारियों के जरिए पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अभी से अपनी रणनीति को धार देने की कोशिश कर रही है.