महिला यात्रियों के लिए जरूरी सूचना, दिल्ली की बसों में जुलाई से नहीं चलेगा पिंक टिकट, जानें कैसे बनवाएं स्मार्ट कार्ड
दिल्ली सरकार जुलाई 2026 से महिलाओं के लिए पिंक टिकट सिस्टम बंद कर रही है. चलिए जानते हैं मुफ्त बस यात्रा के लिए अब कौन सा कार्ड जरूरी होगा.
नई दिल्ली: दिल्ली की Delhi Transport Corporation यानी DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है. दिल्ली सरकार जुलाई 2026 से मौजूदा पिंक टिकट सिस्टम को बंद करने की तैयारी कर रही है. इसकी जगह अब महिलाओं को मुफ्त सफर के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करना होगा.
साल 2019 में शुरू की गई पिंक टिकट योजना के तहत दिल्ली की महिलाएं डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर रही हैं. बस में चढ़ने के बाद महिलाओं को पिंक टिकट दी जाती थी, जिसके जरिए उनका सफर फ्री होता था. अब सरकार इस पूरी व्यवस्था को डिजिटल बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है.
क्या है नई व्यवस्था?
नई व्यवस्था के तहत महिला यात्रियों को बस में चढ़ते समय अपने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को इलेक्ट्रॉनिक मशीन पर टैप करना होगा. इससे यात्रा का पूरा डिजिटल रिकॉर्ड दर्ज होगा और सरकार को सब्सिडी वितरण में पारदर्शिता लाने में मदद मिलेगी.
यह बदलाव केंद्र सरकार की One Nation One Card योजना के तहत नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड प्लेटफॉर्म से जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि इससे यात्रियों की आवाजाही की बेहतर निगरानी हो सकेगी और सिस्टम ज्यादा पारदर्शी बनेगा.
कब से हो रहा रजिस्ट्रेशन?
परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार मार्च 2026 से रजिस्ट्रेशन शुरू होने के बाद अब तक करीब 6 लाख महिलाएं पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवा चुकी हैं. यह रजिस्ट्रेशन दिल्ली के 58 केंद्रों के जरिए किया गया है.
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी केवल 5 से 6 प्रतिशत महिलाएं ही बस यात्रा के दौरान टैप सिस्टम का इस्तेमाल कर रही हैं. इसकी बड़ी वजह यह है कि फिलहाल पिंक पेपर टिकट भी जारी हैं, इसलिए कई यात्री अभी डिजिटल सिस्टम की ओर पूरी तरह नहीं बढ़ी हैं.
कार्ड बनवाने के लिए क्या-क्या है जरूरी?
सरकार ने साफ किया है कि यह सुविधा केवल दिल्ली में रहने वाली महिलाओं के लिए उपलब्ध होगी. कार्ड बनवाने के लिए दिल्ली का आधार कार्ड होना जरूरी है. इसके साथ आधार से लिंक एक एक्टिव मोबाइल नंबर भी होना चाहिए.
12 साल या उससे अधिक उम्र की कोई भी महिला इस कार्ड के लिए आवेदन कर सकती है. महिलाएं DTC डिपो, पास सेक्शन, एसडीएम कार्यालय और 50 से ज्यादा विशेष केंद्रों पर जाकर यह कार्ड बनवा सकती हैं. जुलाई से पिंक टिकट बंद होने के बाद बिना स्मार्ट कार्ड मुफ्त यात्रा संभव नहीं होगी. इसलिए महिलाओं को समय रहते कार्ड बनवाने की सलाह दी गई है.