पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर के लोग लू और भीषण गर्मी से बेहाल थे लेकिन सोमवार देर रात अचानक मौसम ने करवट बदली. पूरे दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी के साथ धूल भरे बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई. इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तूफान की वजह से हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ. मौसम विभाग ने इस बदलाव के पीछे पाकिस्तान और राजस्थान के आसपास बने चक्रवाती सर्कुलेशन को जिम्मेदार बताया है. अगले दो-तीन दिन मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है.
सोमवार रात दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. हवाएं इतनी तेज थीं कि आसमान धूल से पूरी तरह से भर गया. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यह बदलाव मध्य पाकिस्तान, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती सर्कुलेशन की वजह से हुआ है. स्काईमेट के माहेश पलावत ने बताया कि यह सिस्टम राजस्थान से धूल और रेत उड़ाकर दिल्ली तक ले आया है. उन्होंने कहा कि यही वजह है कि दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी के साथ गरज के साथ बारिश देखने को मिली. अगले कुछ घंटों में राजस्थान और हरियाणा के कई इलाकों में भी बारिश हो सकती है.
#WATCH | दिल्ली | धूल भरी आंधी और तेज़ हवाओं के साथ राष्ट्रीय राजधानी के मौसम में बदलाव देखने को मिला।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 27, 2026
वीडियो इंडिया गेट से है। pic.twitter.com/hKNtjdChjk
तेज हवाओं और धूल के इस तूफान का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है. प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने एक एडवायजरी जारी कर यात्रियों को आगाह किया है. एडवायजरी में कहा गया कि दिल्ली में तूफान और गरज के साथ बारिश के चलते उड़ानों के आगमन और प्रस्थान पर असर पड़ सकता है. मौसम के कारण एयरलाइन के संचालन धीमे हो सकते हैं. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति के बारे में अपडेट लेते रहे. ऐसी ही एडवायजरी दूसरी एयरलाइंस ने भी जारी की है.
#WATCH | Delhi | A change in the weather of the national capital was witnessed, accompanied by a dust storm and strong winds.
— ANI (@ANI) April 27, 2026
Visuals from Karol Bagh. pic.twitter.com/IfjVlRE6uv
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है. सफदरजंग में तापमान सामान्य से साढ़े तीन डिग्री ऊपर 42.3 डिग्री रहा. लोधी रोड में यह 42.4 डिग्री दर्ज किया गया लेकिन अब तूफान और बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों में तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है.
#WATCH दिल्ली: पहाड़गंज इलाके के चूना मंडी में एक इमारत की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। pic.twitter.com/YHeZQz5WV8
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 27, 2026
आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में 30 अप्रैल तक आंधी, बारिश और धूल भरी तूफान की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है. 29 अप्रैल के लिए खास तौर पर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसका मतलब है कि मौसम में तेजी से बदलाव आ सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. माहेश पलावत ने बताया कि चक्रवाती सर्कुलेशन तेज है और यह पूर्वोत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है. यह सिस्टम दिल्ली में 30 अप्रैल तक सक्रिय रहेगा. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.