दिल्ली सहित पूरे भारत में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है. कई शहरों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया है. इसी बीच दिल्ली में काम करने वाले मजदूरों लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने निर्देश दिए है कि दिल्ली में दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक कोई भी मजदूर काम नहीं करेगा.
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हर मंत्रालय इस मौसम के दौरान किए जाने वाले कामों के बारे में साफ दिशा-निर्देश जारी करेगा. उन्होंने कहा कि फैक्ट्री या निर्माणाधीन साइट्स पर खुली धूप में मजदूरों से काम नहीं कराया जाएगा.
हीटवेव को देखते हुए सरकार पूरी तरह मुस्तैद है।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) April 27, 2026
हर मंत्रालय को स्पष्ट गाइडलाइन दी गई है। श्रमिकों के लिए दोपहर 1 से 4 बजे तक विश्राम, पानी और छांव की व्यवस्था अनिवार्य करें।
स्कूलों में बच्चों के लिए ठंडा पानी, स्वच्छ वातावरण और घर भेजने से पहले ORS पिलाना प्राथमिकता के साथ… pic.twitter.com/KZlX9HSVnw
सीएम ने कहा कि हीटवेव को देखते हुए दिल्ली सरकार पूरी तरह से मुस्तैद है. उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि स्कूलों में बच्चों के लिए ठंडा पानी, स्वच्छ वातावरण और बच्चों को घर भेजने से पहले उन्हें ORS पिलाना प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए.
इसके साथ परिवहन विभाग द्वारा बस शेल्टर्स पर पानी के काउंटर लगाए जाएंगे. डीटीसी बसों में कोल्ड बॉक्स के माध्यम से ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाएगा. सीएम ने कहा कि एमसीडी, पीडब्यूडी और स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है. इसके अलावा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लोगों को इस भीषण गर्मी में निर्बाध बिजली और जल की आपूर्ति होती रहे.