नई दिल्ली: भारत की राजधानी दिल्ली में रंगों का त्योहार होली इस बार एक परिवार के लिए मातम में बदल गया. दिल्ली में द्वारका के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन होली खेलने में हुए विवाद के कारण एक युवक की जान चली गई. उत्तम नगर की एक संकरी गली में मामूली विवाद ने इतनी भयावह शक्ल ले ली कि 26 वर्षीय तरुण बुटोलिया की जान चली गई. इस घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. इतना ही नहीं.
दरअसल होली पर पड़ोसियों के बीच पानी के गुब्बारे को लेकर बहस हुई थी. परिवार का दावा है कि तरुण सिर्फ अपने माता-पिता को बचाने के लिए घर लौटा था, लेकिन गुस्साई भीड़ पहले से उसका इंतजार कर रही थी.
घटना 4 मार्च को होली के दिन की बताई जा रही है जब रंग खेलने को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि कुछ लोगों ने तरुण को लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से पीट-पीटकर मार डाला.
तरुण की मां सुनीता ने बताया कि उनका बेटा उस समय घर से बाहर था और दोस्तों के साथ होली खेल रहा था. इसी दौरान उसे एक फोन आया जिसमें बताया गया कि उसके माता-पिता पर हमला हो रहा है. यह सुनते ही वह तुरंत बाइक से अपने घर की लौट आया. परिवार का कहना है कि जब वह गली में पहुंचा तो वहां पहले से भीड़ जमा थी.
तरुण की मां सुनिता ने आगे बताया कि हालात इतने बिगड़ गए थे कि परिवार को खुद को घर के अंदर बंद करना पड़ा. बाहर मौजूद लोग गुस्से में लगातार पत्थर फेंक रहे थे और इसके अलावा घर के बाहर खड़ी कार और बाइक को भी आग लगा दी थी. इन सबके बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर भारी पुलिस बद तैनात किया गया.
घटना के बाद अब जिला उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने दोनो पक्ष के लोगों को साथ उपायुक्त के कार्यालय बैठक के लिए बुलाया. इसके बाद दोनों पक्षों से बात की गई. इस दौरान पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है. पीड़ित पक्ष का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी लोगों की पहचान की जाए और उनपर जल्द कार्यवाही हो.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पुलिस ने अब तक कुल चार को लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. और एक नाबालिग भी इस गिरफ्तारी में शामिल है. इतना ही नहीं आरोपियों पर एक बच्ची और महिला के साथ बदसलूकी का भी आरोप है जिस कारण अब बयान के आधार पर उन पर पोक्सो और छेड़छाड़ की धाराएं लगाई गई हैं. अब दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.