menu-icon
India Daily

AAP ने की 'फांसी घर' विवाद की कार्यवाही के लाइव प्रसारण की मांग , केजरीवाल की पेशी पर सवाल

यह मामला 2022 में दिल्ली विधानसभा परिसर में बनाए गए तथाकथित 'फांसी घर' से जुड़ा है, जिसे AAP सरकार ने ब्रिटिश काल के फांसी घर के रूप में उद्घाटित किया था.

hemraj
AAP ने की 'फांसी घर' विवाद की कार्यवाही के लाइव प्रसारण की मांग , केजरीवाल की पेशी पर सवाल
Courtesy: aap

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति की कार्यवाही को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए लाइव प्रसारण (live streaming) की मांग की है.पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 'फांसी घर' (Phansi Ghar) विवाद में समिति के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया है, इसलिए जनता को पूरी कार्यवाही लाइव देखने का हक है.पत्रकारों को भी समिति में बुलाया जाना चाहिए ताकि सच्चाई सामने आए.

'फांसी घर' विवाद पर नई नजीर, राजनीति पर दूरगामी असर

सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने एक पूर्व मुख्यमंत्री को विशेषाधिकार समिति के सामने बुलाकर देश की राजनीति में नई नजीर (precedent) तय की है.उन्होंने कहा, "विधानसभाएं हर राज्य में बनी हैं और बनती रहेंगी, संसद में भी समितियां हैं, लेकिन भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री को समिति में बुलाने का यह कदम देश की राजनीति पर दूरगामी परिणाम छोड़ेगा.स्पीकर विजेंद्र गुप्ता और दिल्ली की भाजपा सरकार इसकी गंभीरता नहीं समझ रही."

यह मामला 2022 में दिल्ली विधानसभा परिसर में बनाए गए तथाकथित 'फांसी घर' से जुड़ा है, जिसे AAP सरकार ने ब्रिटिश काल के फांसी घर के रूप में उद्घाटित किया था.भाजपा ने इसे 'टिफिन रूम' बताकर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और विशेषाधिकार समिति जांच कर रही है.केजरीवाल 6 मार्च को समिति के सामने पेश होंगे

AAP का तजुर्बा: हमने लाइव प्रसारण और पत्रकारों को बुलाया

भारद्वाज ने कहा कि AAP ने कई वर्षों तक समितियां चलाई हैं और भाजपा से ज्यादा तजुर्बा है.महत्वपूर्ण मुद्दों पर जब कोई व्यक्ति बुलाया गया या अनुरोध किया, तो कार्यवाही का लाइव प्रसारण किया गया और पत्रकारों को बुलाकर सही रिपोर्टिंग के लिए कहा गया."हमने कभी कुछ छिपाने की कोशिश नहीं की.अगर केजरीवाल लाइव स्ट्रीमिंग की मांग कर रहे हैं, तो स्पीकर को इसमें कोई गुरेज नहीं होना चाहिए.स्पीकर मीडिया के सामने आएं और बताएं कि वे लाइव प्रसारण क्यों नहीं कर रहे या पत्रकारों को क्यों नहीं बुला रहे.क्या छिपाने वाली बात है?"

पारदर्शिता पर जोर, भाजपा पर छिपाने का आरोप

AAP नेता ने जोर दिया कि विधानसभा समितियां पारदर्शिता के लिए जानी जाती हैं.यदि भाजपा पारदर्शिता में विश्वास रखती है, तो लाइव प्रसारण और मीडिया की मौजूदगी सुनिश्चित करे.अन्यथा यह स्पष्ट होगा कि कुछ छिपाया जा रहा है. केजरीवाल ने भी समिति को पत्र लिखकर लाइव स्ट्रीमिंग की मांग की है और कहा है कि दिल्ली में प्रदूषण, टूटी सड़कें, कूड़े के ढेर और अस्पतालों में दवाइयों की कमी जैसे असली मुद्दों के बजाय 'फांसी घर' पर सवाल उठाए जा रहे हैं.

यह विवाद दिल्ली की राजनीति में गरमा गया है, जहां AAP इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रही है, जबकि भाजपा विधानसभा की गरिमा और इतिहास की सत्यता पर जोर दे रही है.