नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पार्टी के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ जोर-शोर से होली मनाई. दिल्ली आबकारी नीति मामले में कोर्ट से बरी होने की खुशी में यह होली मिलन 'कट्टर ईमानदार' थीम पर आधारित रहा, जहां सभी ने गुलाल, अबीर लगाकर और गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी.
मनीष सिसोदिया के दिल्ली स्थित घर पर आयोजित इस कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल, आतिशी, संजय सिंह सहित पार्टी के कई बड़े नेता और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए. केजरीवाल ने कहा, "हमने मनीष सिसोदिया के घर पर पार्टी के सभी साथियों के साथ 'कट्टर ईमानदार' होली मनाई. सच और संघर्ष के रंगों के साथ आगे बढ़ते रहेंगे." उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि AAP पर लगाए गए आरोप झूठे थे और कोर्ट ने साबित कर दिया कि पार्टी और उसके नेता कट्टर ईमानदार हैं.
यह होली AAP के लिए विशेष महत्व की है क्योंकि पिछले तीन वर्षों में पार्टी को ऐसे मौके नहीं मिले थे. 2023 में सिसोदिया जेल में थे, 2024 में केजरीवाल गिरफ्तार हुए और 2025 में चुनावी हार के कारण होली उत्सव सीमित रहा. अब कोर्ट से बरी होने के बाद यह पहला बड़ा जश्न है.
केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सालों से होली पर शराब की दुकानें बंद रहती थीं ताकि लोग शराब पीकर हुड़दंग न करें, लेकिन इस बार दिल्ली सरकार ने होली को 'ड्राई डे' सूची से हटा दिया और दुकानें खुली रखीं. उन्होंने इसे बहुत गलत बताया और कहा कि त्योहार के मौके पर ऐसी नीति लोगों की सुरक्षा के खिलाफ है.
मनीष सिसोदिया ने भी 'कट्टर ईमानदारी' का रंग जोड़ते हुए कहा, "त्योहार वही, रंग नया. 'कट्टर ईमानदारी' का रंग है, फीका पड़ना इसकी आदत नहीं. चेहरे का रंग शाम तक उतर जाता है, पर ईमानदारी का रंग आने वाली पीढ़ियों तक दिखेगा."
AAP दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि तीन साल बाद पार्टी कैडर को ऐसा खुशी का मौका मिला है. भाजपा द्वारा लगाए गए झूठे आरोपों का भांडा फूट गया और सभी नेता निर्दोष साबित हुए. उन्होंने दिल्लीवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं.केजरीवाल ने एक्स पर भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और लिखा कि साजिशों के बीच भी AAP के रंग फीके नहीं पड़े, क्योंकि ताकत ईमानदारी और जनता का भरोसा है. यह उत्सव AAP की राजनीतिक वापसी और एकजुटता का प्रतीक बन गया है.