राजधानी दिल्ली में आयोजित किया गया 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारी पूरी हो चुकी है. अब मेहमानों का आगमन भी शुरू हो चुका है. इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में भारी बदलाव किया गया है.
आज सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है, ताकि ट्रैफिक समस्या को कंट्रोल किया जा सके. ट्रैफिक बदलावों का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ने वाला है. ऐसे में कहीं भी निकलने से पहले एक बार रूट जरूर चेक करने की सलाह दी गई है.
सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ड्रोन तैनात किए गए हैं. दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. वहीं भारत मंडपम में आयोजित किए जा रहे इस सम्मेलन में क्या होगा, इसके बारे में भी जानकारी सामने आई है. मिली जानकारी के मुताबिक 11 सितंबर को मेहमान दिल्ली पहुंचने वाले हैं. जिसके कारण कई रास्तों को बंद कर दिया गया है. सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के आसपास के इलाकों में सभी सार्वजनिक स्थानों को बंद कर दिया गया है. राष्ट्रपति भवन म्यूजियम, मेट्रो म्यूजियम और अमृत उद्यान को भी 13 सितंबर तक के लिए बंद रखा गया है.
12 सितंबर BRICS सम्मेलन का सबसे महत्वपूर्ण दिन होगा. दोपहर 2 बजे से ब्रिक्स देशों के नेताओं का भारत मंडपम पहुंचना शुरू होगा. इसके बाद लेवल-2 पर उनका आधिकारिक फोटो शूट होगा, फिर 2:35 बजे बंद कमरे में बैठक होगी. बैठक में समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने पर चर्चा होगी. इसके बाद शाम 4:25 बजे 'भारत इनोवेट्स' प्रदर्शनी का आयोजन होगा. इसके बाद 5:05 बजे नेताओं की सामूहिक तस्वीर ली जाएगी और 5:10 बजे पौधारोपण कार्यक्रम होगा. दिन का समापन रात 7:30 बजे प्रधानमंत्री की ओर से आयोजित गाला डिनर के साथ होगा. नेताओं के काफिलों की आवाजाही के कारण 12 सितंबर को राजधानी की सड़कों पर यातायात का दबाव सबसे अधिक रहने की संभावना है.
13 सितंबर को सम्मेलन का दूसरा और अंतिम दिन होगा. साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता सुबह 9:55 बजे भारत मंडपम पहुंचेंगे. 10:35 बजे ग्रुप फोटो के बाद 10:50 बजे खुला सत्र शुरू होगा. इस दौरान सार्वजनिक बयान और अहम घोषणाएं होने की संभावना रहेगी. इसी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा.