नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर को हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. हादसे वाली इमारत के मालिक हरिराम गुप्ता को पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है. हादसे के बाद से ही हरिराम फरार चल रहा था. पुलिस अब उसे दिल्ली लेकर आ रही है और उससे पूछताछ की जा रही है.
सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत गिरने के बाद दिल्ली पुलिस लगातार हरिराम गुप्ता की तलाश कर रही थी. पुलिस ने हादसे के तुरंत बाद उसके पालम विहार स्थित आवास पर दबिश दी थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला. इसके बाद पुलिस को आशंका थी कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह किसी सुरक्षित ठिकाने पर छिपा हुआ है.
दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना | इमारत के कथित मालिक हरिराम को भिवाड़ी में पकड़ा गया है। आगे की जांच जारी है: दिल्ली पुलिस pic.twitter.com/snYS4xy0Ub
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 7, 2026
हरिराम की तलाश में पुलिस ने उसके करीबियों और सहयोगियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की. दिल्ली पुलिस की अलग अलग टीमों ने दिल्ली एनसीआर और आसपास के इलाकों में लगातार दबिश दी. इसी दौरान पुलिस को हरिराम के भिवाड़ी में होने की जानकारी मिली. इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे वहां से पकड़ लिया.
पुलिस अब आरोपी से हादसे से जुड़े कई अहम सवालों पर पूछताछ करेगी. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इमारत की हालत कैसी थी और उसमें चल रहे मरम्मत या निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इमारत के निर्माण और इस्तेमाल से जुड़े जरूरी दस्तावेज और अनुमतियां मौजूद थीं या नहीं.
बता दें कि 6 सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी. इस इमारत में पीजी चल रहा था और यहां कई छात्र रहते थे. हादसे के बाद मौके पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया. हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान भी चलाया गया.